IISc बेंगलुरु ने भविष्य की इंजीनियरिंग के लिए शुरू किया बीटेक प्रोग्राम
भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) बेंगलुरु अगस्त से मैकेनिक्स और कंप्यूटिंग में एक नया बीटेक (BTech) प्रोग्राम शुरू कर रहा है। इसमें दाखिले संयुक्त सीट आवंटन प्राधिकरण (JoSAA) 2026 के जरिए होंगे, ऐसे में जिन छात्रों ने JEE एडवांस्ड में सफलता हासिल की है, वे इस प्रोग्राम के लिए आवेदन कर सकेंगे।
यह कोर्स मैकेनिक्स, गणित और कोडिंग का ऐसा मेल है, जिससे छात्र वास्तविक दुनिया की इंजीनियरिंग चुनौतियों का समाधान करने में सक्षम बन सकेंगे।
छात्र वैकल्पिक विषयों का कर सकेंगे चुनाव
8 सेमेस्टर के इस प्रोग्राम में छात्रों को गणित, भौतिक विज्ञान, मैकेनिक्स और कंप्यूटेशनल साइंसेज की मजबूत नींव बनाने में मदद मिलेगी। बेंगलुरु के तकनीकी क्षेत्र से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स पर काम करने का भी भरपूर मौका मिलेगा, जिससे छात्रों का सीखने का अनुभव और भी गहरा होगा।
इसके अलावा, छात्र अपनी रुचि के अनुसार AI, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे वैकल्पिक विषयों का चुनाव भी कर सकेंगे। छोटे बैच और शिक्षकों का करीबी मार्गदर्शन मिलने से छात्रों को शुरुआत से ही रिसर्च का अच्छा अनुभव मिलेगा, जो उन्हें आगे की पढ़ाई या बेहतर करियर के लिए तैयार करेगा।