भारत में अगले महीने लॉन्च हो सकता है ऐपल पे, एक्सिस बैंक से साझेदारी करेगी कंपनी
क्या है खबर?
टेक कंपनी ऐपल अगले महीने भारत में अपनी पेमेंट सर्विस ऐपल पे लॉन्च कर सकती है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआत एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड के साथ होने की संभावना है। इससे आईफोन यूजर्स को बिना अलग पेमेंट ऐप खोले टैप-एंड-पे सुविधा मिल सकेगी। भारत उन बड़े देशों में शामिल है, जहां अभी ऐपल पे उपलब्ध नहीं है। हालांकि, कंपनी और संबंधित बैंकों ने इस संभावित लॉन्च पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बातचीत
HDFC और ICICI बैंक से भी बातचीत जारी
रिपोर्ट के मुताबिक, ऐपल पे भारत में एक्सिस बैंक के अलावा HDFC बैंक और ICICI बैंक के साथ भी बातचीत कर रही है।
दोनों बैंकों के साथ चर्चा चल रही है, लेकिन अभी तक कारोबारी शर्तों पर सहमति नहीं बनी है। ऐपल की योजना अलग-अलग बैंकों के साथ सीधे समझौते करके सेवा का विस्तार करने की है।
शुरुआत एक बड़े बैंकिंग साझेदार से होगी और बाद में अन्य बैंकों को जोड़ा जा सकता है।
विकल्प
आईफोन यूजर्स को ऐसे मिलेगा पेमेंट का विकल्प
ऐपल पे के जरिए आईफोन यूजर्स अपने फोन में सुरक्षित तरीके से सेव कार्ड की जानकारी का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके लिए अलग पेमेंट ऐप खोलने की जरूरत नहीं होगी। ग्राहक फोन को भुगतान मशीन के पास ले जाकर टैप-एंड-पे कर सकेंगे। फेस ID और टच ID से भुगतान की पुष्टि की जा सकती है।
पिछले साल भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कार्ड भुगतान के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की अनुमति दी थी।
बाजार
भारत में डिजिटल पेमेंट का बड़ा बाजार
भारत में ऐपल पे को पहले से मजबूत डिजिटल पेमेंट बाजार में जगह बनानी होगी।
यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) देश के डिजिटल भुगतान में करीब 84 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता है। यह QR कोड, फोन नंबर और टैप-एंड-पे से भुगतान की सुविधा देता है।
काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, 2022 से भारत के स्मार्टफोन बाजार में ऐपल की हिस्सेदारी बढ़कर आठ प्रतिशत हो गई है। इससे कंपनी के लिए भारत महत्वपूर्ण बाजार बन गया है।