Loading...
ChatGPT में चैट और वर्क टैब मर्ज होने से यूजर्स पर क्या पड़ेगा असर?
ChatGPT में चैट और वर्क टैब मर्ज किया जा रहा है

ChatGPT में चैट और वर्क टैब मर्ज होने से यूजर्स पर क्या पड़ेगा असर?

Nov 27, 2026
12:23 pm

क्या है खबर?

OpenAI ने ChatGPT में चैट और वर्क टैब को मिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी के प्रोडक्ट लीड थिबॉल्ट सोटियाक्स ने बताया कि 24 नवंबर से यह सुविधा प्रो प्लान इस्तेमाल करने वाले कुछ यूजर्स को मिलनी शुरू हुई है। कंपनी दिसंबर में इसे बड़े स्तर पर जारी करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही यूजर्स के लिए इस्तेमाल की साझा सीमा भी बढ़ाई जाएगी, ताकि वे नए इंटरफेस का ज्यादा इस्तेमाल कर सकें।

काम

अब एक ही जगह होंगे सभी काम

पहले ChatGPT के डेस्कटॉप ऐप में बातचीत और बड़े कामों के लिए अलग-अलग विकल्प मौजूद थे।

चैट के जरिए सवाल पूछे जाते थे, जबकि वर्क में रिसर्च, जानकारी का विश्लेषण, प्रेजेंटेशन और वेबसाइट बनाने जैसे काम होते थे। नए बदलाव के बाद यूजर्स एक ही विंडो में बातचीत करने के साथ ये सभी काम कर सकेंगे।

वे फाइलें जोड़ सकेंगे, इंटरनेट पर जानकारी खोज सकेंगे और काम पूरा होने तक उसकी प्रगति भी देख पाएंगे।

असर

इस्तेमाल की सीमा पर क्या पड़ेगा असर?

नए सिस्टम में चैट और वर्क की इस्तेमाल सीमा अलग-अलग नहीं होगी। दोनों सुविधाएं अब एक ही तय सीमा के तहत काम करेंगी।

इससे ज्यादा इस्तेमाल करने वाले कुछ यूजर्स की लिमिट पहले खत्म हो सकती है। हालांकि, सामान्य यूजर्स पर इसका ज्यादा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। OpenAI के मुताबिक, इंस्टेंट मॉडल से बातचीत पहले की तरह बिना किसी तय सीमा के जारी रहेगी।

इसका इस्तेमाल साझा सीमा में नहीं गिना जाएगा।

ADVERTISEMENT

स्थिति

यूजर्स की नाराजगी और कोडेक्स की स्थिति

इस बदलाव को लेकर कुछ यूजर्स ने सोशल मीडिया और OpenAI के कम्युनिटी फोरम पर चिंता जताई है।

उनका कहना है कि साझा सीमा होने से एडवांस्ड मॉडल इस्तेमाल करने के मौके कम हो सकते हैं, जबकि सब्सक्रिप्शन की कीमत पहले जैसी रहेगी। वहीं, कंपनी का कोडिंग टूल कोडेक्स फिलहाल डेस्कटॉप ऐप में अलग ही रहेगा।

इससे पहले एंथ्रोपिक भी अपने क्लॉड में चैट और कोवर्क को एक ही इंटरफेस में जोड़ चुका है।

ADVERTISEMENT