गूगल जेमिनी में सेव डाटा को कैसे देखें और डिलीट करें? जानिए आसान तरीका
क्या है खबर?
गूगल के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट जेमिनी का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। लोग इसका उपयोग सवाल पूछने, जानकारी खोजने और कई रोजमर्रा के कामों के लिए कर रहे हैं। बेहतर अनुभव देने के लिए जेमिनी यूजर्स की बातचीत और कुछ गतिविधियों से जुड़ी जानकारी अपने सिस्टम में सुरक्षित रखता है। ऐसे में कई यूजर्स यह जानना चाहते हैं कि उनकी कौन-सी जानकारी सेव हो रही है, उसे कैसे देखा जा सकता है और उसे डिलीट कैसे करें।
#1
जेमिनी में अपनी एक्टिविटी कैसे देखें?
अगर आप जानना चाहते हैं कि जेमिनी ने आपकी कौन-कौन सी जानकारी सेव की है, तो अपने कंप्यूटर पर जेमिनी वेबसाइट खोलें। इसके बाद सेटिंग्स एंड हेल्प में जाकर एक्टिविटी विकल्प पर क्लिक करें। आप सीधे माय एक्टिविटी पेज पर जाकर भी अपनी जेमिनी एक्टिविटी देख सकते हैं। यहां आपको अपने प्रॉम्प्ट, चैट और जेमिनी लाइव से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी। अगर आपने ऑडियो, वीडियो या स्क्रीन शेयर की है, तो उससे जुड़े अलग-अलग आइकन भी नजर आएंगे।
#2
जेमिनी की सेव की गई जानकारी कैसे डिलीट करें?
गूगल यूजर्स को अपनी जेमिनी एक्टिविटी डिलीट करने के कई विकल्प देता है। आप चाहें तो पूरा रिकॉर्ड एक साथ मिटा सकते हैं या फिर पिछले एक घंटे, एक दिन या किसी खास समय की एक्टिविटी को हटा सकते हैं। इसके लिए एक्टिविटी सेक्शन में जाकर डिलीट विकल्प चुनना होता है। आप किसी एक खास चैट या गतिविधि को भी अलग से डिलीट कर सकते हैं। जेमिनी लाइव से जुड़ी ऑडियो, वीडियो और ट्रांसक्रिप्ट भी इसके साथ हट जाते हैं।
#3
कीप एक्टिविटी फीचर कैसे बंद करें?
अगर आप नहीं चाहते कि जेमिनी आपकी बातचीत सेव करे, तो कीप एक्टिविटी फीचर को बंद किया जा सकता है। इसके लिए जेमिनी वेबसाइट में जाकर सेटिंग्स एंड हेल्प के तहत एक्टिविटी सेक्शन खोलें और ऊपर दिए गए ऑन विकल्प पर क्लिक करें। यहां टर्न ऑन या टर्न ऑफ एंड डिलीट एक्टिविटी का विकल्प मिलेगा। हालांकि, फीचर बंद करने के बाद भी गूगल सेवा और फीडबैक प्रोसेस के लिए आपकी बातचीत को लगभग 72 घंटे तक सुरक्षित रख सकता है।