इंस्टाग्राम पर रील्स एल्गोरिदम को कैसे रिसेट करें?
क्या है खबर?
मेटा के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम की लोकप्रियता प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। लोग इस पर बड़ी संख्या में शॉर्ट वीडियो यानी रील्स देख और शेयर कर रहे हैं। हालांकि, कई बार यूजर्स को अपनी पसंद के विपरीत या बार-बार एक जैसे वीडियो दिखने लगते हैं। यह सब इंस्टाग्राम के एल्गोरिदम के कारण होता है। इसी समस्या के समाधान के लिए मेटा एल्गोरिदम को रीसेट करने की सुविधा देता है।
#1
क्यों जरूरी है एल्गोरिदम रीसेट करना?
इंस्टाग्राम का एल्गोरिदम यूजर की गतिविधियों पर काम करता है। आप कौन सी रील पूरी देखते हैं, किसे लाइक या शेयर करते हैं, इससे ऐप आपकी पसंद समझता है। हालांकि, कई बार अनजाने में हुई गतिविधियां भी फीड को बदल देती हैं। अगर आपकी रुचि समय के साथ बदल गई है या फीड में अनचाहा कंटेंट ज्यादा दिख रहा है, तो एल्गोरिदम रीसेट करना आपके अनुभव के लिए फायदेमंद हो सकता है।
#2
ऐप में ऐसे करें रीसेट की प्रक्रिया?
रील्स एल्गोरिदम रीसेट करने के लिए इंस्टाग्राम ऐप खोलें और अपनी प्रोफाइल पेज पर जाएं। ऊपर दाईं ओर दिखाई देने वाले तीन लाइन वाले मेनू पर टैप करें। इसके बाद सेटिंग्स में जाकर "कंटेंट प्रेफरेंस" विकल्प चुनें। यहां आपको "रीसेट सजेस्टेड कंटेंट" का विकल्प साफ दिखाई देगा। उस पर टैप करके स्क्रीन पर दी गई पूरी जानकारी ध्यान से पढ़ें और शर्तें स्वीकार करें। इसके बाद कन्फर्म बटन दबाकर प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करें।
#3
रीसेट के बाद क्या होगा बदलाव?
रीसेट पूरा होने के बाद इंस्टाग्राम आपके सुझावों और रिकमेंडेशन को दोबारा से नए सिरे से तैयार करना शुरू करेगा। शुरुआत में आपको अलग-अलग और सामान्य विषयों के वीडियो दिख सकते हैं। समय के साथ, आपकी नई लाइक, शेयर और देखने की गतिविधियों के आधार पर फीड फिर से पर्सनलाइज हो जाएगी। कंपनी के अनुसार, यह प्रक्रिया वापस पहले जैसी नहीं की जा सकती। इसलिए रीसेट करने से पहले सभी पहलुओं पर सोच-समझकर फैसला लेना बेहतर और सुरक्षित रहेगा।