व्हाट्सऐप से जियो, एयरटेल और Vi मोबाइल रिचार्ज कैसे करें?
क्या है खबर?
भारत में व्हाट्सऐप यूजर्स के लिए अब एक नई सुविधा शुरू की गई है, जिससे लोग ऐप के अंदर ही प्रीपेड मोबाइल रिचार्ज कर सकेंगे। इस फीचर के जरिए यूजर्स को अलग से किसी और ऐप पर जाने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी का कहना है कि इससे रोजमर्रा के छोटे काम और आसान हो जाएंगे। यह सुविधा PayU के जरिए काम करती है और डिजिटल सेवाओं को एक जगह लाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
तरीका
ऐसे करें व्हाट्सऐप से रिचार्ज शुरू
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर को सबसे पहले व्हाट्सऐप की होम स्क्रीन पर दिए गए रुपये के आइकन पर टैप करना होगा। इसके बाद मोबाइल प्रीपेड रिचार्ज का ऑप्शन चुनना होगा। फिर यूजर अपना या किसी और का मोबाइल नंबर डाल सकता है। इसके बाद टेलीकॉम ऑपरेटर को कन्फर्म करना होता है, ताकि सही प्लान और सेवा दिखाई जा सके और आगे की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके।
प्लान
प्लान चुनें और पेमेंट पूरा करें
नंबर और ऑपरेटर कन्फर्म करने के बाद यूज़र अलग-अलग रिचार्ज प्लान देख सकता है। अपनी जरूरत के हिसाब से सही प्लान चुनने के बाद पेमेंट का तरीका चुनना होता है। इसमें UPI, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड जैसे ऑप्शन मिलते हैं। सभी डिटेल्स चेक करने के बाद यूज़र पेमेंट कन्फर्म कर सकता है। कुछ ही सेकंड में रिचार्ज पूरा हो जाता है और यूजर को अलग ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ती।
सुविधाएं
अन्य सुविधाएं और उपलब्धता की जानकारी
व्हाट्सऐप यूजर्स को पहले से ही पेमेंट, बिल भुगतान और मेट्रो टिकट जैसी सेवाएं दे रही है। अब रिचार्ज जुड़ने से यह और उपयोगी बन गया है। यह फीचर एंड्रॉयड और iOS पर धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है। आने वाले कुछ हफ्तों में यह सभी के लिए उपलब्ध हो जाएगा। कंपनी का लक्ष्य है कि यूजर एक ही ऐप में ज्यादा से ज्यादा काम आसानी से कर सकें।