
नई कॉलिंग स्क्रीन नहीं आ रही पसंद? जानिए कैसे करें पहले जैसा
क्या है खबर?
गूगल ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए हाल ही में फोन ऐप का नया अपडेट रोल आउट किया है। इस अपडेट के आने के बाद कॉल ऐप का इंटरफेस पूरी तरह बदल गया है। कंपनी ने इसे आधुनिक और आसान बताया है, लेकिन कई यूजर्स को यह बदलाव बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा। सोशल मीडिया पर बहुत से लोग इन नए इंटरफेस का मजाक बना रहे हैं और कुछ इसे वापस पुराने डिजाइन जैसा करने की मांग कर रहे हैं।
नया इंटरफेस
ऐसा दिखता है नया फोन ऐप इंटरफेस
नए अपडेट में फोन ऐप का लेआउट बदल दिया गया है। अब 'फेवरेट्स' और 'रिसेंट्स' को मिलाकर नया होम टैब बना दिया गया है, जिसमें कॉल हिस्ट्री और ऊपर फेवरेट कॉन्टैक्ट्स दिखते हैं। कॉन्टैक्ट्स ऑप्शन अब सीधे नहीं मिलता, बल्कि थ्री-डॉट मेनू से खोलना पड़ता है। इसके अलावा, इनकमिंग कॉल स्क्रीन पर भी बदलाव हुआ है। अब कॉल को हॉरिजॉन्टल स्वाइप या टैप जेस्चर से रिसीव या रिजेक्ट किया जा सकता है।
तरीका
पहले जैसा कैसे करें इंटरफेस?
अगर आपको नया इंटरफेस पसंद नहीं है तो आप पुराने ऐप पर वापस जा सकते हैं। इसके लिए गूगल प्ले स्टोर पर जाकर 'फोन बाय गूगल' ऐप खोलें और 'अनइंस्टॉल अपडेट्स' चुनें। ऐसा करने से नया डिजाइन हट जाएगा और पुराना डायलर वापस आ जाएगा। इसके बाद फोन को एक बार रिस्टार्ट करें। इसके साथ ही, ऐप पेज पर जाकर 'एनेबल ऑटो अपडेट' बंद कर दें, ताकि यह फिर से अपने आप अपडेट न हो।