व्हाट्सऐप चैट का बैकअप गूगल अकाउंट पर कैसे करें?
क्या है खबर?
आजकल लोग व्हाट्सऐप पर बड़ी संख्या में मैसेज, फोटो और वीडियो शेयर करते हैं। ऐसे में अगर फोन बदल जाए या ऐप दोबारा इंस्टॉल करनी पड़े, तो चैट खोने का डर रहता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए व्हाट्सऐप यूजर्स को गूगल अकाउंट की मदद से चैट बैकअप का विकल्प देता है। इस फीचर से मैसेज, फोटो, वीडियो और अन्य मीडिया सुरक्षित रहते हैं और नए फोन में आसानी से फिर से वापस लाए जा सकते हैं।
#1
बैकअप से पहले इन बातों का रखें ध्यान
व्हाट्सऐप चैट का बैकअप लेने से पहले कुछ जरूरी चीजें चेक करना जरूरी है। आपके फोन में गूगल अकाउंट एक्टिव होना चाहिए और गूगल प्ले सर्विसेज इंस्टॉल होना चाहिए। इसके साथ ही डिवाइस और गूगल ड्राइव में पर्याप्त स्टोरेज जरुर होना चाहिए। बैकअप के दौरान तेज इंटरनेट कनेक्शन भी जरूरी होता है। अगर ये सभी शर्तें पूरी हैं तो आप आसानी से अपनी चैट का सुरक्षित बैकअप बना सकते हैं।
#2
व्हाट्सऐप चैट बैकअप ऐसे करें
सबसे पहले व्हाट्सऐप खोलें और ऊपर दिए गए 'तीन डॉट' पर टैप करें। इसके बाद 'सेटिंग्स' में जाएं और 'चैट्स' पर क्लिक करें। अब 'चैट बैकअप' का विकल्प चुनें और गूगल अकाउंट में 'बैकअप' का ऑप्शन खोलें। यहां वह गूगल अकाउंट चुनें, जिसमें आप चैट सेव करना चाहते हैं। इसके बाद बैकअप की टाइमिंग चुनें और 'बैकअप' पर टैप करें। यह प्रक्रिया करने के बाद आपकी चैट क्लाउड में सेव हो जाएंगी।
#3
गूगल अकाउंट बदलकर भी बैकअप ले सकते हैं
अगर आप चैट बैकअप के लिए दूसरा गूगल अकाउंट इस्तेमाल करना चाहते हैं तो यह भी आसानी से किया जा सकता है। इसके लिए व्हाट्सऐप की सेटिंग्स में जाकर चैट्स और फिर चैट बैकअप पर जाएं। यहां गूगल अकाउंट का विकल्प मिलेगा। अब ऐड अकाउंट पर टैप करें और नए गूगल अकाउंट से लॉगिन करें। इसके बाद बैकअप का समय चुनकर चैट को नए अकाउंट में सुरक्षित तरीके से सेव किया जा सकता है।