LOADING...
रॉकेट विस्फोट से क्षतिग्रस्त ब्लू ओरिजन के लॉन्चपैड की मरम्मत में कितना लगेगा समय?
ब्लू ओरिजन के लॉन्चपैड को बड़ा नुकसान

रॉकेट विस्फोट से क्षतिग्रस्त ब्लू ओरिजन के लॉन्चपैड की मरम्मत में कितना लगेगा समय?

Jun 02, 2026
04:55 pm

क्या है खबर?

अरबपति जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजन को पिछले सप्ताह बड़ा झटका लगा, जब फ्लोरिडा में न्यू ग्लेन रॉकेट के हॉट-फायर टेस्ट के दौरान विस्फोट हो गया। इस हादसे में लॉन्चपैड को भी काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, कंपनी ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। नासा प्रशासक जेरेड इसाकमैन ने कहा है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और विशेषज्ञ इसकी जांच में जुटे हुए हैं।

समय

कितना लगेगा समय?

इसाकमैन के अनुसार, ब्लू ओरिजन क्षतिग्रस्त लॉन्चपैड को पूरी तरह बहाल करने में काफी समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि 2028 तक इसकी रिकवरी संभव हो सकती है। नासा और ब्लू ओरिजन फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पहले यह पता लगाया जाएगा कि तकनीकी रूप से क्या खराबी हुई थी, उसके बाद मरम्मत और पुनर्निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

मिशन

नासा के चंद्र मिशन पर भी नजर

नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम में ब्लू ओरिजन की महत्वपूर्ण भूमिका है। कंपनी को इस साल के अंत में न्यू ग्लेन रॉकेट के जरिए ब्लू मून लैंडर का बिना चालक वाला मिशन लॉन्च करना था। इसाकमैन ने कहा कि चंद्रमा तक भारी उपकरण पहुंचाने के लिए शक्तिशाली रॉकेट की जरूरत होगी। उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर स्पेस-X के फाल्कन हेवी जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा सकता है।

Advertisement

असर

कई ग्राहकों की योजनाओं पर पड़ा असर

इस हादसे का असर ब्लू ओरिजन के कई ग्राहकों पर भी पड़ सकता है। कंपनी इस सप्ताह अमेजन के इंटरनेट सैटेलाइट मिशन के लिए 48 सैटेलाइट लॉन्च करने वाली थी। इसके अलावा, AST स्पेसमोबाइल भी अपने कुछ मिशनों के लिए ब्लू ओरिजन पर निर्भर है। कंपनी के पास फिलहाल केवल एक न्यू ग्लेन लॉन्चपैड ही है, इसलिए इस नुकसान को उसके लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।

Advertisement