ई-मुद्रा की सुरक्षा में कैसे हुई बड़ी चूक? 18 महीने तक किसी को नहीं लगी भनक
क्या है खबर?
भारतीय साइबर सुरक्षा कंपनी ई-मुद्रा ने अपनी कमजोर सिक्योरिटी कीज से जुड़े मामले की पूरी जानकारी सार्वजनिक की है। कंपनी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस गड़बड़ी के पीछे एक पायथन स्क्रिप्ट में हुई तकनीकी गलती थी। इस वजह से वेबसाइटों के डिजिटल सर्टिफिकेट जारी करने में इस्तेमाल होने वाली 8 सिक्योरिटी कीज कमजोर हो गई थीं। मामला सामने आने के बाद गूगल, मोजिला, ऐपल और माइक्रोसॉफ्ट ने सुरक्षा से जुड़े अपडेट जारी किए थे।
कीज
एक छोटी गलती से कमजोर हो गईं 8 कीज
ई-मुद्रा वेबसाइटों को डिजिटल सर्टिफिकेट जारी करने वाली कंपनी थी।
ये सर्टिफिकेट वेबसाइट की पहचान की पुष्टि करते हैं और ब्राउजर में सुरक्षित कनेक्शन का संकेत देते हैं। कंपनी की रिपोर्ट के अनुसार, 30 अप्रैल, 2025 को हार्डवेयर सिक्योरिटी मॉड्यूल में कीज बनाई गई थीं।
बाद में उन्हें दूसरे उपकरण में भेजने के लिए एक खास पायथन स्क्रिप्ट का इस्तेमाल किया गया। इसी स्क्रिप्ट में मौजूद गलती ने 8 कीज को बहुत छोटे अंकों में बदल दिया।
नकली वेबसाइट
कमजोर कीज से नकली वेबसाइट बनाना था संभव
कंपनी के मुताबिक, प्रभावित कीज के नंबर 4, 56, 66, 115, 155, 156, 230 और 237 थे। ये इतने छोटे थे कि कोई भी आसानी से इनका पता लगा सकता था।
इनका इस्तेमाल करके नकली डिजिटल सर्टिफिकेट बनाए जा सकते थे, जिनसे धोखाधड़ी वाली वेबसाइटों को असली और सुरक्षित दिखाना संभव था।
करीब 18 महीने तक इस गड़बड़ी का पता नहीं चला, क्योंकि कीज सामान्य तरीके से सर्टिफिकेट जारी कर रही थीं और उनकी मजबूती की जांच नहीं हुई थी।
सर्टिफिकेट
कंपनी ने रद्द किए 16 सर्टिफिकेट
ई-मुद्रा ने प्रभावित 8 कीज के अलावा 8 अन्य कीज में भी समस्या पाई। स्क्रिप्ट की वजह से उनकी कॉपी सामान्य कंप्यूटर की मेमोरी में बन गई थी।
कंपनी ने इन सभी 16 कीज़ से जुड़े डिजिटल सर्टिफिकेट रद्द कर दिए। रिपोर्ट सामने आने के बाद कंपनी ने डिजिटल सर्टिफिकेट जारी करने का कारोबार छोड़ दिया।
उसने इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी और अब बिना कीज को दूसरे उपकरण में भेजे उन्हें बना रही है।