हांगकांग 2028 तक अपने स्मार्टव्यू प्रोजेक्ट के तहत CCTV नेटवर्क में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित फेशियल रिकग्निशन ला रहा है। इसके तहत, पूरे शहर में 60,000 CCTV कैमरे लगाए जाने हैं।
इसका मकसद ऐसी तकनीक से सार्वजनिक सुरक्षा को बढ़ाना है, जो भीड़ पर नजर रख सके और गाड़ियों की नंबर प्लेट भी पढ़ सके।
लोग मांग रहे डाटा में पारदर्शिता
स्मार्टव्यू प्रोजेक्ट 2024 में 5,000 कैमरों के साथ शुरू हुआ था। इसके जरिए अब तक करीब 2,200 मामले सुलझाए जा चुके हैं और 2,800 से ज्यादा गिरफ्तारियां भी हुई हैं।
पुलिस कमिश्नर जो चाऊ इसे कानून का पालन करने वाले नागरिकों के लिए सुरक्षा कवच कहते हैं। हालांकि, सभी लोग इससे पूरी तरह सहमत नहीं हैं।
कुछ स्थानीय लोगों को अपनी निजता की चिंता सता रही है और उन्हें डाटा के गलत इस्तेमाल का डर है। निवासियों का कहना है कि अधिकारियों को इस डाटा के इस्तेमाल के बारे में खुलकर जानकारी देनी चाहिए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।