भारतीय स्पेस टेक में हेक्स20 का नया कीर्तिमान, दूसरा सैटेलाइट लॉन्च
तिरुवनंतपुरम के स्पेस टेक स्टार्टअप हेक्स20 ने स्पेस-X के ट्रांसपोर्टर-17 मिशन के तहत अपना दूसरा सैटेलाइट कोयो सफलतापूर्वक लॉन्च किया है।
यह सैटेलाइट ताइवान की नेशनल सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए अंतरिक्ष में भेजा गया। इसे तय कक्षा में स्थापित करते ही इसने सिग्नल भेजने शुरू कर दिए।
HEX20 के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। 2025 में अपने पहले लॉन्च की सफलता के बाद यह उसका दूसरा मिशन है।
कई गैजेट्स साथ ले गया सेटेलाइट
कोयो सैटेलाइट कई नई तकनीकों का परीक्षण कर रहा है। इनमें नए सोलर पैनल मैकेनिज्म और AX क्यूबसैट प्लेटफॉर्म जैसी तकनीकें शामिल हैं।
साथ ही, यह विभिन्न साझेदारों द्वारा बनाए गए कई गैजेट्स भी अपने साथ ले गया है, जिनमें फाइबर-ऑप्टिक जाइरोस्कोप और पावर सिस्टम जैसे उपकरण मौजूद हैं।
हेक्स20 के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO) और सह संस्थापक अनुराग रेघू ने बताया कि अब तक 1,500 से ज्यादा बीकन पैकेट डिकोड किए गए हैं और 75 से ज्यादा ग्राउंड कमांड्स भी सफलतापूर्वक भेजे जा चुके हैं। कंपनी अगले 12 महीनों में 6 और मिशन लॉन्च करने की तैयारी में है, जिनमें पृथ्वी अवलोकन सैटेलाइट और एक एस्टेरोयड प्रोब भी शामिल है।