लातविया के रहने वाले 16 साल के हेनरीज डैंड्जबर्ग्स ने 'पोलेमोस इंडस्ट्रीज' नाम की एक कंपनी शुरू की है। इसका मकसद अमेरिका और उसके साथी देशों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सटीक मिसाइल बनाना है, जो सस्ते भी हों।
माना जा रहा है कि Y कॉम्बिनेटर में शामिल होने वाले वह सबसे कम उम्र के अकेले संस्थापकों में से एक हैं। उनका लक्ष्य ऐसे एडवांस मिसाइल बनाना है, जो इलेक्ट्रॉनिक हमलों से निपटने में मजबूत हों, लेकिन उनकी लागत ज्यादा न हो।
दिसंबर तक प्रोटोटाइप की उम्मीद
डैंड्जबर्ग्स को रक्षा टेक्नोलॉजी में तब दिलचस्पी हुई, जब 2022 में रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था। वह इस क्षेत्र की पुरानी स्थापित कंपनियों को चुनौती देना चाहते हैं।
सबसे बड़ी चुनौती है कि लागत कम रखी जाए, लेकिन मिसाइलों की सटीकता या विश्वसनीयता में कोई कमी न आए। पोलेमोस को उम्मीद है कि वे दिसंबर तक एक प्रोटोटाइप तैयार करके दिखा देंगे।
हालांकि, हथियारों में AI का इस्तेमाल कुछ गंभीर नैतिक सवाल भी खड़े करता है। फिर भी डैंड्जबर्ग्स का कहना है कि वह इस प्रोजेक्ट को लेकर पूरी तरह समर्पित हैं और अपने काम को सैन्य टेक्नोलॉजी का भविष्य तय करने के एक मौके के तौर पर देखते हैं।