मां से हर समय जुड़े रहने के लिए टेक विशेषज्ञ ने AI से निकाला रास्ता
विदेश में काम करते हुए टैक विशेषज्ञ हर्ष सावरगांवकर ने अपनी मां के करीब रहने का एक अनोखा तरीका निकाला है। उन्होंने परिवार की डाइनिंग टेबल पर एक पुराना लिनक्स लैपटॉप रख दिया है, ताकि उनकी मां से लगातार वीडियो कॉल चलती रहे।
तकनीकी दिक्कतें बीच में आकर बात खराब न करें, इसलिए उन्होंने क्लाउड से कुछ स्क्रिप्ट्स लिखवाईं, जिससे उनका कनेक्शन हमेशा मजबूत बना रहे।
आम तकनीकी समस्याएं अपने आप ठीक हो जाती हैं। उनके अनुसार, अगर ब्राउजर क्रैश हो जाता है तो सिस्टम फिर से कनेक्ट हो सकता है, इंटरनेट में रुकावट के बाद कॉल बहाल कर सकता है और अगर, लैपटॉप बंद हो जाता है तो बहुत कम मेहनत से फिर से शुरू हो सकता है।
एक बटन दबाते ही फिर शुरू हो जाती है कॉल
अगर, कभी कॉल कट भी जाती है तो हर्ष की मां को बस एक बटन दबाना होता है। क्लाउड बाकी सारा काम खुद ही संभाल लेता है, जिससे उन्हें किसी तकनीकी परेशानी में नहीं पड़ना पड़ता।
हर्ष ने सोशल मीडिया पर बताया कि इस व्यवस्था से वे हर दिन के छोटे-छोटे पल एक-दूसरे के साथ बांट पाते हैं, भले ही उन्हें हर समय बातें न करनी पड़ें। इससे हर पल खास लगने लगता है।
ऑनलाइन लोगों को हर्ष का यह दिल छू लेने वाला आइडिया और उनकी कमाल की तकनीकी जुगत दोनों ही बहुत पसंद आईं। कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि यह तो किसी साइंस-फिक्शन फिल्म की कहानी जैसा लगता है, वहीं कुछ ने स्मार्ट नोटिफिकेशंस जैसे शानदार सुधारों के सुझाव भी दिए।