कोल्डकार्ड वॉलेट्स से हैकर्स ने 41 मिनट में उड़ाए 1,000 से ज्यादा बिटकॉइन
हैकर्स ने लगभग 1,200 कोल्डकार्ड वॉलेट्स से 1,000 से ज्यादा बिटकॉइन केवल 41 मिनट में उड़ा लिए, जिनकी कीमत करीब 7 करोड़ डॉलर (करीब 650 करोड़ रुपये) थी।
इस बड़े हमले की वजह वॉलेट के फर्मवेयर में मौजूद एक गंभीर खामी थी, जिसके चलते चोरों के लिए सुरक्षा तंत्र को भेदना आसान हो गया।
हैकर्स ने ऐसे हासिल की वॉलेट तक पहुंच
सामने आया है कि कुछ कोल्डकार्ड मॉडल्स वॉलेट की ‘की’ बनाने के लिए सही रैंडम नंबर्स का इस्तेमाल करने के बजाय, ऐसी हार्डवेयर जानकारी का उपयोग कर रहे थे, जिसका अनुमान लगाया जा सकता था।
इससे हैकर्स के लिए वॉलेट के पते का पता लगाना और उसमें रखे फंड्स को निकालना बेहद आसान हो गया। इसके लिए उन्हें वॉलेट को भौतिक रूप से छूने की भी जरूरत नहीं पड़ी।
गैलेक्सी रिसर्च ने पाया कि चोरी हुए बिटकॉइन सिर्फ 4 ब्लॉकचेन एड्रेस पर भेजे गए थे। इसी बीच, कोल्डकार्ड बनाने वाली कंपनी कोइनकिट ने Mk3 मॉडल के मालिकों को चेतावनी दी है।
उसने आगे आगाह किया है कि अगर, यूजर्स अपने फंड्स को सुरक्षित जगहों पर नहीं ले जाते हैं तो चोरी की और भी वारदातें हो सकती हैं।