LOADING...
GTA VI का इंतजार खत्म, प्री-ऑर्डर और रिलीज की तारीख का हुआ ऐलान
GTA VI का इंतजार खत्म

GTA VI का इंतजार खत्म, प्री-ऑर्डर और रिलीज की तारीख का हुआ ऐलान

Jun 24, 2026
06:29 pm

क्या है खबर?

गेम बनाने वाली दिग्गज कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने GTA VI की उपलब्धता को लेकर बड़ी घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि बहुप्रतीक्षित GTA VI के प्री-ऑर्डर 25 जून से शुरू होंगे, जबकि इसे 19 नवंबर को रिलीज किया जाएगा। पिछले कई वर्षों से चर्चा में बना यह गेम अब लॉन्च के बेहद करीब पहुंच गया है। GTA VI को वीडियो गेम इंडस्ट्री के सबसे ज्यादा इंतजार किए जाने वाले टाइटल में गिना जा रहा है।

कहानी

13 साल बाद लौट रही है GTA सीरीज की नई कहानी

GTA सीरीज का नया हिस्सा करीब 13 साल बाद आ रहा है। इससे पहले GTA V 2013 में रिलीज हुआ था और इसकी 23 करोड़ कॉपी बिक चुकी हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, नए गेम को विकसित करने में छह साल से ज्यादा का समय लगा है और इसकी डेवलपमेंट लागत 1 से 2 अरब डॉलर (लगभग 95 से 190 अरब रुपये) के बीच हो सकती है। यह दुनिया के सबसे महंगे एंटरटेनमेंट प्रोजेक्ट्स में शामिल हो गया है।

कहानी

वाइस सिटी में दिखेगी नई कहानी

GTA VI की कहानी अमेरिका के फ्लोरिडा और मियामी से प्रेरित काल्पनिक शहर वाइस सिटी में दिखाई जाएगी। गेम में जेसन और लूसिया नाम के दो मुख्य किरदार होंगे। माना जा रहा है कि इन दोनों किरदारों को अमेरिकी अपराधी जोड़ी बोनी और क्लाइड से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। कंपनी ने वर्ष 2023 में गेम का पहला ट्रेलर जारी किया था, जिसे अब तक यूट्यूब पर करीब 30 करोड़ बार देखा जा चुका है।

Advertisement

कीमत

बेस और अल्टीमेट एडिशन की कीमत भी तय

रॉकस्टार गेम्स ने GTA VI की कीमतों का भी ऐलान कर दिया है। गेम के बेस एडिशन की कीमत 79.99 डॉलर (लगभग 7,600 रुपये) रखी गई है, जबकि अल्टीमेट एडिशन 99.99 डॉलर (लगभग 9,500 रुपये) में उपलब्ध होगा। अल्टीमेट एडिशन में खिलाड़ियों को कुछ अतिरिक्त गाड़ियां, हथियार और अन्य इन-गेम आइटम मिलेंगे। वहीं, तय अवधि के भीतर प्री-ऑर्डर करने वाले खिलाड़ियों को कुछ खास रेट्रो इन-गेम आइटम और एक महीने की मुफ्त GTA+ सदस्यता भी दी जाएगी।

Advertisement