GTA 6 भारत समेत दुनियाभर में हुआ लॉन्च, PS5 और एक्सबॉक्स पर खेल सकेंगे गेमर्स
क्या है खबर?
ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI (GTA 6) को 19 नवंबर को रिलीज कर दिया गया है। रॉकस्टार गेम्स का यह नया गेम भारत समेत कई देशों में प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज X|S पर उपलब्ध है। भारतीय खिलाड़ी आधी रात 12:00 बजे से इसे खेल सकते हैं। लंबे समय से इस गेम का इंतजार कर रहे प्रशंसकों को अब वाइस सिटी की नई दुनिया देखने और गेम खेलने का मौका मिल गया है।
देश
अलग-अलग देशों में आधी रात को हुआ गेम रिलीज
GTA 6 दुनिया के अलग-अलग देशों में स्थानीय समय के अनुसार आधी रात को उपलब्ध कराया गया है।
न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी अपने समय क्षेत्र के कारण सबसे पहले गेम खेल सकेंगे। भारत में यह रात 12:00 बजे रिलीज हुआ, जबकि ब्रिटेन में सुबह 5:30 बजे गेम उपलब्ध हुआ।
अमेरिका के कुछ हिस्सों में यह 18 नवंबर की रात ही रिलीज हो गया। इस तरह अलग-अलग देशों में गेम खेलने का समय अलग रखा गया है।
उपलब्धता
PS5 और एक्सबॉक्स पर खेल सकते हैं GTA 6
GTA 6 प्लेस्टेशन 5, PS5 प्रो और एक्सबॉक्स सीरीज X|S पर उपलब्ध है।
डिजिटल वर्जन खरीदने वाले खिलाड़ी गेम डाउनलोड कर सकते हैं, जिसके लिए करीब 212GB स्टोरेज की जरूरत पड़ सकती है। डाउनलोड पूरा होने के बाद गेम खेला जा सकता है।
एक्सबॉक्स खिलाड़ी लॉन्च के दिन क्लाउड गेमिंग के जरिए भी GTA 6 स्ट्रीम कर सकेंगे। हालांकि, यह सुविधा केवल एक्सबॉक्स कंसोल तक सीमित रखी गई है।
किरदार
जेसन और लूसिया हैं गेम के मुख्य किरदार
GTA 6 की कहानी वाइस सिटी और लियोनिडा नाम के इलाके में है, जहां जेसन और लूसिया मुख्य किरदार हैं।
GTA 5 के 2013 में रिलीज होने के बाद यह ग्रैंड थेफ्ट ऑटो सीरीज का पहला मुख्य गेम है। करीब 13 साल बाद नया गेम आया है। माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, GTA 6 उसके स्टोर इतिहास में सबसे ज्यादा प्री-ऑर्डर पाने वाला गेम बन चुका है।
इसे साल की सबसे बड़ी मनोरंजन रिलीज में से एक माना जा रहा है।