GTA 6 की कमाई 2.36 अरब डॉलर से अधिक, बिक्री 2.45 करोड़ यूनिट्स के पार
क्या है खबर?
लंबे इंतजार के बाद बाजार में आए ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI (GTA 6) ने रिलीज के साथ ही कमाई के मामले में बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। सेंसर टावर के शुरुआती आकलन के मुताबिक, गेम के प्री-ऑर्डर और पहले दिन की बिक्री मिलाकर 2.45 करोड़ से ज्यादा यूनिट्स बिकीं। इससे करीब 2.36 अरब डॉलर की कमाई हुई। इस प्रदर्शन के आधार पर इसे मनोरंजन जगत की अब तक की सबसे बड़ी लॉन्चिंग में शामिल माना जा रहा है।
प्लेस्टेशन 5
प्लेस्टेशन 5 के खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा खरीदा गेम
सेंसर टावर के आंकड़ों के मुताबिक, GTA 6 की कुल बिक्री का लगभग 75 फीसदी हिस्सा प्लेस्टेशन 5 के नाम रहा।
बाकी बिक्री एक्सबॉक्स के लिए हुई। गेमिंग क्षेत्र की शोध कंपनी निको पार्टनर्स का अनुमान है कि इस साल इसकी कुल बिक्री 3 अरब डॉलर से अधिक हो सकती है।
वहीं, सेंसर टावर का मानना है कि गेम की लोकप्रियता के चलते दूसरे एकल खिलाड़ी वाले गेम्स पर लोगों का समय करीब 10 फीसदी तक कम हो सकता है।
अनुमान
अब तक के सबसे महंगे गेम्स में शामिल हो सकता है GTA 6
GTA 6 को बनाने में एक अरब डॉलर से अधिक खर्च होने का अनुमान लगाया गया है।
अगर यह आंकड़ा सही है, तो यह गेमिंग इतिहास के सबसे महंगे प्रोजेक्ट में शामिल होगा। इसकी कहानी लियोनिडा नाम के काल्पनिक इलाके में है, जिसे फ्लोरिडा से प्रेरित होकर बनाया गया है।
गेम में लूसिया और जेसन मुख्य किरदार हैं। दोनों छोटे अपराधों से शुरुआत करते हैं और खिलाड़ी उनकी कहानी के साथ आगे बढ़ते हैं।
कमाई
ऑनलाइन मोड और PC संस्करण से बढ़ सकती है कमाई
यह गेम प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज के लिए जारी किया गया है।
रॉकस्टार ने अभी तक PC वर्जन की तारीख या ऑनलाइन मोड के लॉन्च का ऐलान नहीं किया है। ऑनलाइन मोड में खिलाड़ी दूसरे लोगों के साथ जुड़कर मिशन पूरे कर सकेंगे। इससे कंपनी को आगे और कमाई होने की उम्मीद है।
गेम डाउनलोड करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के इंटरनेट इस्तेमाल करने से वर्जिन मीडिया O2 के नेटवर्क पर भी ट्रैफिक का रिकॉर्ड बना।