GTA 6 ने पहले दिन कमाए 350 अरब रुपये, बना सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट लॉन्च
क्या है खबर?
ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI (GTA 6) ने रिलीज के पहले ही दिन कमाई के मामले में इतिहास रच दिया है। गेम की बिक्री से करीब 3.8 अरब डॉलर (लगभग 350 अरब रुपये) का कारोबार हुआ और इसकी 3.25 करोड़ से ज्यादा प्रतियां बिक चुकी हैं। रॉकस्टार गेम्स की पैरेंट कंपनी टेक-टू के मुताबिक, यह किसी भी मनोरंजन माध्यम की अब तक की सबसे बड़ी लॉन्चिंग है। इस प्रदर्शन ने फिल्मों और दूसरे गेम्स के पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।
रिकॉर्ड
GTA 5 और फिल्मों की कमाई का रिकॉर्ड भी पीछे छूटा
GTA 6 की पहले दिन की कमाई साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के पूरे सिनेमाघर प्रदर्शन से भी अधिक बताई गई है।
इस फिल्म ने अब तक करीब 2.5 अरब डॉलर कमाए हैं। वहीं, रॉकस्टार के पिछले गेम GTA 5 ने रिलीज के शुरुआती 5 दिनों में 1.15 अरब डॉलर की कमाई की थी।
नया गेम इस पुराने रिकॉर्ड से काफी आगे निकल गया है।
बिक्री
प्लेस्टेशन 5 पर सबसे ज्यादा बिकीं गेम की कॉपी
सेंसर टावर के मुताबिक, GTA 6 की कुल बिक्री में करीब 75 फीसदी हिस्सा प्लेस्टेशन 5 का रहा, जबकि बाकी प्रतियां एक्सबॉक्स के लिए बिकीं।
गेम की रिलीज के दौरान इंटरनेट ट्रैफिक में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। क्लाउडफ्लेयर के अनुसार, ब्रिटेन में प्लेस्टेशन डाउनलोड सामान्य दिनों के मुकाबले 8.6 गुना बढ़ गए।
वहीं, न्यूजीलैंड में यह आंकड़ा 14.8 गुना तक पहुंच गया। रॉकस्टार की ऑनलाइन सेवाओं पर भी ट्रैफिक तेजी से बढ़ा।
कमाई
PC और ऑनलाइन मोड से आगे बढ़ सकती है कमाई
GTA 6 को बनाने में 1 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च होने का अनुमान है।
गेम की कहानी लियोनिडा नाम के काल्पनिक इलाके में है, जहां लूसिया और जेसन मुख्य किरदार हैं। फिलहाल रॉकस्टार ने इसके PC वर्जन और ऑनलाइन मोड की रिलीज तारीख नहीं बताई है।
ऑनलाइन सुविधा आने के बाद खिलाड़ी दूसरे लोगों के साथ मिशन खेल सकेंगे। इससे कंपनी को आगे भी बड़ी कमाई होने की उम्मीद है।