OpenAI के GPT-6 एस्ट्रा को टोयोटा कोरोला चलाने में छूटे पसीने
एक नए प्रयोग में शोधकर्ताओं ने OpenAI के एडवांस मॉडल GPT-6 एस्ट्रा को टोयोटा कोरोला चलाने के लिए लगाया। हालांकि, यह एक प्रयोग ही था।
इसके लिए एक पार्किंग लॉट में खास तरह का कोर्स बनाया गया था। बड़े भाषा मॉडल (LLM) से मिले निर्देशों को एक इंटरनेट से जुड़े लैपटॉप तक भेजा गया। फिर, उस लैपटॉप ने टोयोटा की कंट्रोल सिस्टम से जुड़े 'कॉमा फोर' डिवाइस से संपर्क करके गाड़ी को आगे बढ़ाया।
इस टेस्ट में AI को बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वह 500 फीट से भी कम दूरी तय करने में 5 मिनट लगा गया और बार-बार लेन पहचानने में गलतियां कर रहा था।
मॉडल पर खर्च हुए करीब 700 रुपये
इस टेस्ट ने साफ दिखा दिया कि ये AI मॉडल अभी असली सड़कों पर चलने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने न केवल रास्ता पहचानने में गलतियां कीं, बल्कि इस छोटे से सफर के लिए OpenAI के मॉडल को चलाने में ही 7.74 डॉलर (करीब 730 रुपये) का खर्च आ गया। कुछ AI मॉडल तो गाड़ी का कंट्रोल लेने से ही हिचकिचा रहे थे, जिससे सुरक्षा से जुड़े नए सवाल खड़े हो गए हैं।
शोधकर्ताओं का कहना है कि AI से चलने वाली पूरी तरह सेल्फ-ड्राइविंग गाड़ियां सड़कों पर आने से पहले अभी काफी काम करना बाकी है।