सरकार ने सुपाबेस को किया ब्लॉक, डेवलपर की कई नेटवर्क पर पहुंच हुई बंद
क्या है खबर?
सैन फ्रांसिस्को के डेवलपर डाटाबेस प्लेटफॉर्म सुपाबेस को भारत के कुछ हिस्सों में प्रतिबंधित कर दिया गया है। सरकार ने इंटरनेट प्रदाताओं को इसकी वेबसाइट ब्लॉक करने का आदेश दिया है, जिसके कारण नेटवर्क पर इसकी पहुंच बाधित हो रही है। यह आदेश 24 फरवरी को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69A के तहत जारी किया गया है। 2020 में स्थापित इस कंपनी के लिए भारत एक प्रमुख बाजारों में से एक है।
स्वीकार
कंपनी ने किया स्वीकार
पिछले कुछ दिनों से भारत में सुपाबेस की पहुंच में लगातार समस्या आ रही है। कंपनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस मुद्दे को स्वीकार किया है। उसने सबसे पहले रिलायंस जियोफाइबर नेटवर्क पर प्रतिबंधों की जानकारी दी थी, लेकिन तब से यूजर्स ने कई इंटरनेट प्रदाताओं और दूरसंचार नेटवर्कों पर इसी तरह की समस्याओं की शिकायत की। कंपनी ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए उनसे हस्तक्षेप करने और पहुंच बहाल करने का अनुरोध किया।
कारण
ब्लॉक करने के पीछे क्या रही वजह?
सरकार ने इस कदम का कोई सार्वजनिक कारण नहीं बताया और यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह कार्रवाई साइबर सुरक्षा संबंधी चिंता, कॉपीराइट शिकायत या किसी अन्य मुद्दे से जुड़ी है। यह भी साफ नहीं हो पाया कि ये प्रतिबंध कितने समय तक लागू रहेंगे। सुपाबेस ने DNS सेटिंग्स बदलने या VPN का उपयोग करने जैसे वैकल्पिक उपाय सुझाए, लेकिन सूत्रों के अनुसार, कई यूजर्स के लिए ये कदम अव्यावहारिक हैं।