गूगल ने प्ले स्टोर से हटाईं 29 ऐप्स, भारत में हुई थीं सबसे ज्यादा डाउनलोड

गूगल लगातार प्ले स्टोर को सेफ बनाने के लिए मलेशियस ऐप्स को हटाता रहता है। अब एक बार फिर कंपनी ने प्ले स्टोर से 29 ऐसी ऐप्स हटाई हैं। इनमें से कई ऐप्स 10 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड हो चुकी थीं। इनमें से अधिकतर 'ब्यूटी कैमरा' ऐप्स थीं, जो यूजर्स की फोटो लेने के लिए उनके पास अश्लील कॉन्टेंट भेजकर उन्हें फिशिंग वेबसाइट पर रिडायरेक्ट कर रही थी। ये ऐप्स यूजर्स को विज्ञापन दिखाकर उनकी जानकारी जुटा रही थीं।
प्ले स्टोर से हटाई गईं इन ऐप्स को एशिया और खासकर भारत में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया गया था। इस बात से यह भी साबित होता है कि भारत में ऐप्स के सहारे लोगों को जानकारियां जुटाना आसान हैं।
अगर एक बार यूजर ने इन ऐप्स को डाउनलोड कर लिया तो उनके लिए इन्हें डिलीट करना मुश्किल काम होता था। लॉन्च होने के बाद ये ऐप्स शॉर्टकट क्रिएट कर ऐप लिस्ट से खुद का आइकन हाइड कर लेती थी। कैमरा ऐप होने के कारण सिस्टम के लिए भी इन्हें पकड़ पाना मुश्किल होता था। ये ऐप्स डिवाइस अनलॉक करने पर फुल-स्क्रीन विज्ञापन दिखाती थीं, जिस पर क्लिक होते ही यूजर को फिशिंग वेबसाइट पर रिडायरेक्ट कर दिया जाता था।
यह पहली बार नहीं है जब गूगल प्ले स्टोर से ऐसी ऐप्स को हटा रही है। इससे पहले कई बार कंपनी ने ऐसा किया है। कुछ दिन पहले कंपनी ने ऐप स्टोर से ऐसी ऐप्स को हटाने का फैसला किया था, जो बिना जरूरत यूजर्स से निजी जानकारी इस्तेमाल करने की परमिशन मांगती थी। इसलिए गूगल ने अपनी पॉलिसी बदलते हुए ऐसी ऐप्स निर्धारित कर दी हैं जिन्हें SMS और कॉल लॉग की परमिशन चाहिए होती है।
गूगल ने पिछले साल अक्तूबर में इस कदम का ऐलान किया था। इसके लिए गूगल ने ऐसे सभी ऐप डेवलपर्स से परमिशन डिक्लेरेशन फॉर्म मांगा था, जिनकी ऐप्स में कॉल लॉग और SMS परमिशन मांगी जाती थी। ऐसे डेवलपर्स से ये फॉर्म जमा करने या परमिशन हटाने की बात कही गई थी। अब इसकी समयसीमा बीत जाने के बाद गूगल उन डेवलपर्स की ऐप हटा रही है जिन्होंने यह फॉर्म जमा नहीं किया है।