गूगल पिक्सल वॉच 5 भारत में लॉन्च, 40 घंटे की बैटरी समेत मिलेंगे ये फीचर्स
क्या है खबर?
गूगल ने भारत में पिक्सल वॉच 5 स्मार्टवॉच लॉन्च कर दी है। कंपनी की इस घड़ी में ज्यादा चमकदार डिस्प्ले, तेज प्रोसेसर और जेमिनी का बेहतर इस्तेमाल मिलता है। इसमें स्वास्थ्य से जुड़े कई नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं, जिनमें हेल्थ गार्डियन और ब्रीदिंग इमरजेंसी डिटेक्शन शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि बड़ी स्क्रीन वाला मॉडल एक बार चार्ज करने पर 40 घंटे तक चल सकता है, जिससे रोजमर्रा में बेहतर सुविधा मिलेगी।
डिस्प्ले
3,000 निट्स ब्राइटनेस वाला डिस्प्ले
पिक्सल वॉच 5 में एक्टुआ 360 एमोलेड LTPO डिस्प्ले दिया गया है, जिसकी पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स तक है।
स्क्रीन में 60Hz तक अडैप्टिव रिफ्रेश रेट और ऑलवेज ऑन डिस्प्ले सपोर्ट मिलता है। सुरक्षा के लिए इसमें स्क्रैच रेसिस्टेंट कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास लगाया गया है।
स्मार्टवॉच क्वालकॉम स्नैपड्रैगन W5 जेन 2 एक्सेलरेटेड प्लेटफॉर्म और कॉर्टेक्स M55 कोप्रोसेसर से चलती है, जिससे पिछली पीढ़ी के मुकाबले प्रदर्शन बेहतर होने का दावा किया गया है।
जेमिनी
जेमिनी के साथ मिलेगी स्मार्ट मदद
इस स्मार्टवॉच में जेमिनी AI का गहरा इंटीग्रेशन दिया गया है, जिससे यूजर कलाई उठाकर जेमिनी से बात कर सकता है।
यह जीमेल और कैलेंडर जैसी गूगल सेवाओं से जरूरी जानकारी के आधार पर सुझाव भी दे सकती है।
स्वास्थ्य निगरानी के लिए इसमें ECG, AFib डिटेक्शन, हार्ट रेट अलर्ट, SpO2, HRV, तनाव और त्वचा के तापमान में बदलाव जैसे फीचर्स हैं। स्लीप ट्रैकिंग में सांस की नियमितता और व्यक्तिगत स्लीप स्कोर भी मिलता है।
हेल्थ गार्डियन
हेल्थ गार्डियन से मिलेगी मासिक जानकारी
पिक्सल वॉच 5 में हेल्थ गार्डियन नाम का नया फीचर है, जो मासिक ब्लड प्रेशर ट्रेंड, नींद में सांस की गुणवत्ता और इंसुलिन रेजिस्टेंस ट्रेंड का सार दे सकता है।
ब्रीदिंग इमरजेंसी डिटेक्शन ऑक्सीजन स्तर में गंभीर गिरावट को पहचानने में मदद करता। इसके लिए PPG, एक्सेलेरोमीटर, बैरोमीटर सेंसर और डिवाइस पर चलने वाली AI तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
घड़ी 50 से ज्यादा गतिविधियों और बेहतर डुअल फ्रीक्वेंसी GPS को भी सपोर्ट करती है।
कीमत
कितनी है पिक्सल वॉच 5 की कीमत?
भारत में पिक्सल वॉच 5 की कीमत 41mm मॉडल के लिए 42,999 रुपये और 45mm मॉडल के लिए 45,999 रुपये रखी गई है।
41mm मॉडल 30 घंटे तक और 45mm मॉडल 40 घंटे तक बैटरी चलने का दावा है। 15 मिनट चार्ज करने पर 15 घंटे तक बैटरी मिलने की बात कही गई है। घड़ी IP68 रेटिंग के साथ आती है।
इसके लिए प्री ऑर्डर शुरू हो चुके हैं और बिक्री 20 अगस्त से होगी।