गूगल की पिक्सल 11 सीरीज हो सकती है महंगी, क्यों है कीमत बढ़ने की आशंका?
क्या है खबर?
गूगल की आने वाली पिक्सल 11 सीरीज और पिक्सल वॉच 5 की कीमत पिछले साल के मुकाबले बढ़ सकती है। नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी इस बार कुछ मॉडल पहले से अधिक कीमत पर पेश कर सकती है। इसके साथ ही शुरुआती स्टोरेज विकल्प में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इन कीमतों या नए मॉडल से जुड़ी किसी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्टोरेज विकल्प
स्टोरेज विकल्प में हो सकता है बड़ा बदलाव
डीलैब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल पिक्सल 11 में 128GB स्टोरेज विकल्प हटाया जा सकता है। इसकी जगह फोन सीधे 256GB स्टोरेज के साथ आ सकता है, जिसकी शुरुआती कीमत 999 यूरो (लगभग 99,000 रुपये) बताई जा रही है। वहीं पिक्सल 11 प्रो की शुरुआती कीमत 1,199 यूरो (लगभग 1.20 लाख रुपये) हो सकती है। हालांकि, 256GB वाले मॉडल की कीमत पहले जैसी ही रहने की संभावना जताई गई है।
पिक्सल वॉच
पिक्सल वॉच 5 की कीमत बढ़ने का अनुमान
रिपोर्ट के अनुसार, 41 मिमी पिक्सल वॉच 5 की शुरुआती कीमत 399 डॉलर (लगभग 37,000 रुपये) हो सकती है, जबकि LTE मॉडल 499 डॉलर (लगभग 47,000 रुपये) में आ सकता है। यह पिछले मॉडल से करीब 50 डॉलर (लगभग 4,800 रुपये) अधिक होगा। वहीं 45 मिमी पिक्सल वॉच 5 की कीमत वाई-फाई मॉडल के लिए 429 डॉलर (लगभग 40,000 रुपये) और LTE मॉडल के लिए 529 डॉलर (लगभग 50,000 रुपये) बताई जा रही है।
वजह
AI की बढ़ती मांग बनी बड़ी वजह
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े उपकरणों की बढ़ती मांग के कारण दुनियाभर में मेमोरी और स्टोरेज चिप की कमी देखी जा रही है। इसी वजह से कई तकनीकी कंपनियां अपने नए उपकरणों की कीमत बढ़ा रही हैं या कुछ स्टोरेज विकल्प बंद कर रही हैं। माना जा रहा है कि गूगल भी इसी रणनीति के तहत अपनी नई पिक्सल 11 सीरीज और पिक्सल वॉच 5 अधिक कीमत पर पेश कर सकती है।