गूगल पिक्सल 11 प्रो फोल्ड भारत में लॉन्च, 1.86 लाख रुपये में मिलेंगे ये खास फीचर्स
क्या है खबर?
गूगल ने भारत में नया पिक्सल 11 प्रो फोल्ड फोल्डेबल फोन लॉन्च कर दिया है। यह कंपनी का बुक-स्टाइल फोल्डेबल स्मार्टफोन है, जिसे पिक्सल 11 सीरीज के दूसरे मॉडल्स के साथ पेश किया गया। फोन में टेंसर G6 चिपसेट, 16GB रैम और 512GB स्टोरेज दी गई है। इसमें बड़ा अंदरूनी डिस्प्ले, कवर स्क्रीन, ट्रिपल रियर कैमरा और दो सेल्फी कैमरे मिलते हैं। कंपनी ने लंबे समय तक सॉफ्टवेयर अपडेट देने का भी वादा किया है।
स्क्रीन
पिक्सल 11 प्रो फोल्ड में 8 इंच की स्क्रीन
पिक्सल 11 प्रो फोल्ड में 8 इंच का OLED सुपर एक्टुआ फ्लेक्स डिस्प्ले दिया गया है। इसकी स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट और 3,600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। फोन के बाहर 6.5 इंच का ओएलईडी सुपर एक्टुआ कवर डिस्प्ले मिलता है।
दोनों स्क्रीन HDR सपोर्ट करती हैं। अंदर स्क्रीन पर अल्ट्रा-थिन ग्लास कवर और बाहर सिरेमिक कवर ग्लास दिया गया है। पानी और धूल से बचाव के लिए IP68 रेटिंग मिली है।
चिपसेट
टेंसर G6 के साथ दमदार कैमरा सेटअप
फोन में गूगल का टेंसर G6 चिपसेट और टाइटन M3 सिक्योरिटी कोप्रोसेसर दिया गया है।
कैमरा सेटअप में 48 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा, 10.5 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 10.8 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा शामिल है। टेलीफोटो कैमरा 5x ऑप्टिकल और 30x डिजिटल जूम देता है।
सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए अंदर और कवर स्क्रीन पर 10-10 मेगापिक्सल के कैमरे हैं। फोन 4K में 60 फ्रेम प्रति सेकंड तक वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है।
बैटरी
बैटरी और कनेक्टिविटी में मिलेंगे कई फीचर्स
पिक्सल 11 प्रो फोल्ड में 4,806mAh की बैटरी दी गई है, जो कंपनी के मुताबिक 24 घंटे से ज्यादा चल सकती है।
30W चार्जिंग से फोन करीब 30 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज होने का दावा है। इसमें 25W वायरलेस चार्जिंग भी मिलती है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, वाई-फाई 7, ब्लूटूथ 6, NFC और USB टाइप-C पोर्ट दिया गया है।
साथ में GPS, ग्लोनास, गैलीलियो, बेइदू, QZSS और नाविक सपोर्ट मिलता है।
कीमत
कितनी है कीमत?
भारत में पिक्सल 11 प्रो फोल्ड की कीमत 1.86 लाख रुपये रखी गई है।
फोन 16GB रैम और 512GB स्टोरेज वाले एक वेरिएंट में आता है। इसे ऑलिव रंग में पेश किया गया है। भारत में फोन के लिए फ्लिपकार्ट और गूगल इंडिया ऑनलाइन स्टोर पर प्री-ऑर्डर शुरू हो गए हैं।
वजन 239 ग्राम है। कंपनी एंड्रॉयड 17 के साथ सात साल तक ऑपरेटिंग सिस्टम, सुरक्षा और पिक्सल ड्रॉप अपडेट देने का वादा कर रही है।