गूगल पिक्सल 11 सीरीज हुई लॉन्च, यहां जानिए कीमत और फीचर्स
क्या है खबर?
टेक दिग्गज गूगल ने अपनी नई पिक्सल 11 सीरीज पेश कर दी है, जिसमें पिक्सल 11, पिक्सल 11 प्रो और पिक्सल 11 प्रो XL शामिल हैं। कंपनी ने इन फोन में टेंसर G6 प्रोसेसर, बेहतर कैमरा और कई नए स्मार्ट फीचर्स दिए हैं। प्रो मॉडल में खास हाईलाइट फीचर भी मिलेगा, जो फोन के पीछे रोशनी के जरिए जरूरी जानकारी दिखाता है। तीनों फोन एंड्रॉयड 17 पर चलते हैं और इन्हें प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार के लिए तैयार किया गया है।
डिस्प्ले
पिक्सल 11 में 120Hz डिस्प्ले और टेंसर जी6
पिक्सल 11 में 6.3 इंच का FHD+ एमोलेड डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है।
स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स है और सुरक्षा के लिए गोरिल्ला ग्लास विक्टस 2 मिलता है। फोन में टेंसर G6 प्रोसेसर के साथ टाइटन M3 सिक्योरिटी चिप दी गई है। इसमें 12GB रैम और 512GB तक स्टोरेज का विकल्प है।
फोन को पानी और धूल से बचाव के लिए IP68 रेटिंग मिली है, जिससे रोजमर्रा में सुरक्षा बेहतर रहती है।
कैमरा
पिक्सल 11 में मिलेगा ट्रिपल कैमरा सेटअप
कैमरा के मामले में पिक्सल 11 में पीछे तीन कैमरे मिलते हैं।
इसमें OIS और LDAF सपोर्ट वाला 48 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा है। इसके साथ 13 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 10.8 मेगापिक्सल का 5x टेलीफोटो कैमरा दिया गया है। सेल्फी के लिए फोन में 10.5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है।
फोन में 4,985mAh की बैटरी दी गई है, जो 30W वायर्ड और 25W वायरलेस चार्जिंग भी सपोर्ट करती है। इससे फोन को तेजी से चार्ज किया जा सकेगा।
प्रो मॉडल
प्रो मॉडल में खास हाईलाइट फीचर
पिक्सल 11 प्रो और पिक्सल 11 प्रो XL में कंपनी ने हाईलाइट फीचर दिया है।
फोन को नीचे रखने पर कैमरा फ्लैश के आसपास लगी रोशनी अलग-अलग पैटर्न दिखा सकती है। यह फीचर जेमिनी के सुनने, जानकारी तैयार करने या जवाब देने की स्थिति भी बता सकता है।
इनकमिंग कॉल के लिए खास संपर्कों के साथ अलग रंग भी तय किए जा सकते हैं। दोनों फोन में 120Hz अडैप्टिव रिफ्रेश रेट और 3,600 निट्स तक की ब्राइटनेस मिलती है।
डिस्प्ले
प्रो और प्रो XL में बड़े डिस्प्ले
पिक्सल 11 प्रो में 6.3 इंच का 1.5K LTPO एमोलेड डिस्प्ले है, जबकि प्रो XL में 6.8 इंच का QHD+ एमोलेड पैनल मिलता है।
दोनों फोन टेंसर G6 प्रोसेसर और टाइटन M3 सिक्योरिटी चिप के साथ आते हैं। इनमें 12GB तक रैम और 512GB तक स्टोरेज दिया गया है। दोनों फोन एंड्रॉयड 17 पर चलते हैं।
इनमें अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और IP68 रेटिंग भी दी गई है, जिससे फोन की सुरक्षा और मजबूती बेहतर होती है।
कैमरा
प्रो मॉडल में 120x डिजिटल जूम
प्रो मॉडल में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा, 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 48 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा शामिल है।
टेलीफोटो कैमरा 5x ऑप्टिकल और 120x डिजिटल जूम सपोर्ट करता है। सेल्फी के लिए 42 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। पिक्सल 11 प्रो में 4,840mAh और प्रो एक्सएल में 5,115mAh की बैटरी है।
दोनों फोन 30W वायर्ड और 25W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करते हैं, जिससे बैटरी जल्दी चार्ज होगी।
कीमत
कितनी है कीमत?
भारत में पिक्सल 11 की शुरुआती कीमत 89,999 रुपये रखी गई है, जबकि 512GB मॉडल 1.04 लाख रुपये में मिलेगा।
पिक्सल 11 प्रो की कीमत 1.19 लाख रुपये से शुरू होती है और प्रो XL की शुरुआती कीमत 1.34 लाख रुपये है। तीनों फोन 20 अगस्त से गूगल स्टोर और फ्लिपकार्ट समेत अन्य रिटेल स्टोर पर मिलेंगे।
कंपनी HDFC बैंक कार्ड से 10,000 रुपये तक छूट, एक्सचेंज बोनस और छह महीने का गूगल AI प्रो सब्सक्रिप्शन भी दे रही है।