गूगल का नया AI मॉडल जेमिनी 3.7 फ्लैश लॉन्च, कई काम खुद करेगा पूरा
क्या है खबर?
गूगल ने अपना नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल जेमिनी 3.7 फ्लैश लॉन्च कर दिया है। इस मॉडल को खास तौर पर कोडिंग, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, वेब डेवलपमेंट और AI एजेंट से जुड़े कामों के लिए तैयार किया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह मॉडल कई चरणों वाली समस्याओं को बेहतर तरीके से समझकर काम कर सकता है। इसका उद्देश्य AI आधारित एप्लिकेशन चलाने की लागत घटाना और डेवलपर्स को कम निर्देशों में ज्यादा काम पूरा करने में मदद करना है।
प्रदर्शन
कोडिंग और वेब डेवलपमेंट में बेहतर प्रदर्शन
जेमिनी 3.7 फ्लैश को मुश्किल कोडिंग और सॉफ्टवेयर से जुड़े कामों के लिए बनाया गया है।
गूगल के अनुसार, यह कोड में गलतियां खोजने, उन्हें ठीक करने और उपयोग के लिए तैयार कोड बनाने में मदद कर सकता है। कंपनी का दावा है कि मॉडल वेब ऐप बनाने में बेहतर है।
यह स्क्रीनशॉट, डिजाइन और तस्वीरों को समझकर ज्यादा काम करने वाले लेआउट तैयार कर सकता है। इसके प्रदर्शन में पुराने मॉडल की तुलना में सुधार दर्ज किया गया है।
काम
AI एजेंट कई काम खुद कर सकेंगे
नए मॉडल का बड़ा फोकस AI एजेंट पर है, जो सिर्फ सवालों के जवाब देने के बजाय कई कामों की योजना बनाकर उन्हें पूरा कर सकते हैं।
गूगल के मुताबिक, जेमिनी 3.7 फ्लैश टूल्स का इस्तेमाल, बीच में आने वाली रुकावटों को संभालना और जरूरत पड़ने पर सवाल पूछना बेहतर तरीके से कर सकता है।
कंपनी अपने जेमिनी स्पार्क AI एजेंट में भी इसका इस्तेमाल कर रही है, जो फाइलें व्यवस्थित करने और ईमेल जैसे कामों में मदद करता है।
कीमत
कितनी है नए मॉडल की कीमत?
गूगल ने जेमिनी 3.7 फ्लैश को डेवलपर्स और कंपनियों के लिए उपलब्ध कराया है।
इसे जेमिनी API, गूगल AI स्टूडियो, एंड्रॉयड स्टूडियो और गूगल एंटीग्रैविटी के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है। 31 दिसंबर, 2026 तक इसकी कीमत प्रति 10 लाख इनपुट टोकन 0.75 डॉलर (लगभग 70 रुपये) और आउटपुट टोकन 3.75 डॉलर (लगभग 360 रुपये) रखी गई है।
जनवरी, 2027 से ये दरें बढ़कर क्रमशः 1.50 डॉलर और 7.50 डॉलर प्रति 10 लाख टोकन हो जाएंगी।