LOADING...
गूगल बदल सकती है नियम, सिर्फ 5GB फ्री स्टोरेज पाएंगे जीमेल यूजर्स
गूगल बदल सकती है फ्री स्टोरेज नियम

गूगल बदल सकती है नियम, सिर्फ 5GB फ्री स्टोरेज पाएंगे जीमेल यूजर्स

May 15, 2026
02:19 pm

क्या है खबर?

गूगल जल्द फ्री क्लाउड स्टोरेज नियमों में बदलाव कर सकती है। 9टू5गूगल की रिपोर्ट के अनुसार, नए जीमेल अकाउंट बनाने वाले यूजर्स को अब पहले की तरह सीधे 15GB स्टोरेज नहीं मिल सकता। रेडिट पर सामने आए स्क्रीनशॉट में दावा किया गया है कि गूगल फिलहाल ऐसी नई पॉलिसी टेस्ट कर रही है। इसके तहत यूजर्स को बिना फोन नंबर जोड़े सिर्फ 5GB स्टोरेज मिलेगा। पूरा 15GB स्टोरेज पाने के लिए अकाउंट में मोबाइल नंबर जोड़ना जरूरी हो सकता है।

फायदा

फोन नंबर जोड़ने पर मिलेगा पूरा फायदा

रिपोर्ट के अनुसार, नए अकाउंट बनाते समय गूगल यूजर्स को दो विकल्प दिखा रहा है। पहला, फोन नंबर जोड़कर मुफ्त में 15GB स्टोरेज पाना और दूसरा बिना नंबर जोड़े केवल 5GB स्टोरेज इस्तेमाल करना। कंपनी का कहना है कि फोन नंबर की मदद से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि एक व्यक्ति कई फर्जी अकाउंट बनाकर बार-बार फ्री स्टोरेज का फायदा न उठाए। इससे स्पैम और बॉट अकाउंट पर भी रोक लगाने में मदद मिल सकती है।

बदलाव

सपोर्ट पेज में भी दिखा बदलाव

9टू5गूगल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गूगल ने मार्च 2026 में अपने सपोर्ट पेज की भाषा भी चुपचाप बदल दी थी। पहले वेबसाइट पर लिखा होता था कि हर गूगल अकाउंट के साथ 15GB फ्री स्टोरेज मिलता है। अब इसे बदलकर '15GB तक' कर दिया गया है। माना जा रहा है कि यही बदलाव आने वाली नई स्टोरेज पॉलिसी का संकेत हो सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Advertisement

असर

पुराने यूजर्स पर तुरंत असर नहीं

जिन लोगों के पास पहले से 15GB वाला गूगल अकाउंट मौजूद है, उन्हें फिलहाल कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। यह नया नियम फिलहाल नए अकाउंट बनाने वाले यूजर्स के लिए टेस्ट किया जा रहा है। यानी अगर कोई नया जीमेल अकाउंट बनाता है और पूरा 15GB स्टोरेज चाहता है, तो उसे अपना मोबाइल नंबर गूगल अकाउंट से लिंक करना पड़ सकता है। आने वाले समय में कंपनी इस नियम को बड़े स्तर पर लागू कर सकती है।

Advertisement