गूगल मैप्स में जल्द मिलेगा आस्क मैप्स फीचर, पसंदीदा जगह ढूंढना होगा आसान
क्या है खबर?
गूगल अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट जेमिनी द्वारा संचालित 'आस्क मैप्स' फीचर पर काम कर रही है, जो यूजर्स को गूगल मैप्स के साथ सीधे चैट करने की सुविधा देगा। एंड्रॉयड अथॉरिटी की रिपोर्ट के अनुसार, इस फीचर से यूजर ऐप के अंदर ही लोकेशन, रूट और मैप से जुड़ी अन्य जानकारी के बारे में टेक्स्ट के जरिए बातचीत कर सकेंगे। यह अभी विकास चरण में है और ऐप के वर्जन 26.07.01.867227976 के APK विश्लेषण के दौरान इसका पता चला।
उपयोग
ऐसे कर सकेंगे फीचर का इस्तेमाल
सर्च बार में सामान्य कीवर्ड टाइप करने और परिणामों को स्क्रॉल करने के बजाय यूजर जल्द ही मैप्स से अधिक सहज और बातचीत के अंदाज में सवाल पूछ सकेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, गूगल मैप ऐप में ही जेमिनी-स्टाइल चैट इंटरफेस का परीक्षण कर रहा है। उपलब्ध होने पर सर्च बार के पास 'आस्क मैप्स' लेबल वाला एक छोटा-सा चिप दिखाई देगा। इस पर टैप करने से चैटबॉट जैसी विंडो खुल जाएगी, जहां सवाल टाइप करने पर तुरंत जवाब मिल सकेंगे।
सवाल
सवाल पूछकर ढूंढ सकते हैं पसंदीदा जगह
इस फीचर के इस्तेमाल से आपको अपने आस-पास कैफे खोजने और फिर रेटिंग, दूरी और रिव्यूज के आधार पर मैनुअल रूप से फिल्टर करने के बजाय आप कुछ अधिक विशिष्ट प्रश्न पूछ सकते हैं। इसके बजाय आप आस-पास कम भीड़ वाले कैफे खोज सकते हैं। इसी तरह, कई मार्गों की स्वयं तुलना करने के बजाय आप पूछ सकते हैं कि किस मार्ग पर कम टोल लगते हैं? या अभी सबसे कम ट्रैफिक वाला सबसे तेज मार्ग कौन-सा है?