Loading...
एयरटैग को टक्कर देने आया गूगल पिक्सल टैग, जानें क्या है इसमें खास
एयरटैग को टक्कर देने आया गूगल पिक्सल टैग

एयरटैग को टक्कर देने आया गूगल पिक्सल टैग, जानें क्या है इसमें खास

Aug 13, 2026
08:11 am

क्या है खबर?

गूगल ने भारत में अपना पहला ब्लूटूथ ट्रैकर पिक्सल टैग लॉन्च कर दिया है। कंपनी का यह डिवाइस खोई हुई चीजों को आसानी से खोजने के लिए बनाया गया है और बाजार में ऐपल एयरटैग को टक्कर देगा। पिक्सल टैग में पेबल आकार का डिजाइन, LED इंडिकेटर और गूगल की ब्रांडिंग दी गई है। इसे सामान, चाबी या दूसरी जरूरी चीजों के साथ लगाया जा सकता है। कंपनी इसे भारतीय ग्राहकों के लिए जल्द उपलब्ध कराएगी।

फीचर

अल्ट्रा वाइडबैंड से मिलेगी ज्यादा सटीक लोकेशन

पिक्सल टैग में ब्लूटूथ चैनल साउंडिंग और अल्ट्रा वाइडबैंड कनेक्टिविटी दी गई है।

इन तकनीकों की मदद से इसकी लोकेशन ज्यादा सटीक तरीके से पता लगाने में मदद मिलती है। यह गूगल के फाइंड हब से जुड़ता है, जहां यूजर दिशा के संकेतों की मदद से टैग तक पहुंच सकता है।

पिक्सल डिवाइस के साथ फास्ट पेयरिंग का विकल्प भी मिलता है। इससे टैग को फोन से जोड़ना और रोजाना इस्तेमाल करना काफी आसान हो जाता है।

खासियत

खोया फोन भी बजा सकेगा पिक्सल टैग

गूगल पिक्सल टैग में बिल्ट इन स्पीकर दिया गया है, जिसे फोन से दूर से भी बजाया जा सकता है।

फाइंड हब ऐप से अलार्म चलाकर यूजर अपने सामान को आसानी से खोज सकता है। इसमें एक बटन भी दिया गया है, जिससे टैग दबाकर खोए हुए फोन को रिंग कराया जा सकता है।

फोन साइलेंट मोड में होने पर भी अलार्म बज सकता है। यूजर पिक्सल फोन से जेमिनी को टैग बजाने का आदेश भी दे सकता है।

ADVERTISEMENT

बैटरी

एक साल से ज्यादा चलेगी इसकी बैटरी

पिक्सल टैग में बदली जा सकने वाली CR2032 कॉइन सेल बैटरी दी गई है, जिसके एक साल से ज्यादा चलने का दावा किया गया है।

डिवाइस को पानी और धूल से बचाव के लिए IP67 रेटिंग मिली है। कंपनी के मुताबिक यह एक मीटर गहरे पानी में 30 मिनट तक रह सकता है।

यह एंड्रॉयड 9 और उसके बाद के फोन के साथ काम करता है। इसमें मेटल बॉडी के साथ एक्सेलेरोमीटर भी दिया गया है।

ADVERTISEMENT

कीमत

3,799 रुपये से शुरू होगी इसकी कीमत

भारत में गूगल पिक्सल टैग की कीमत एक पीस के लिए 3,799 रुपये रखी गई है।

चार टैग वाले पैक की कीमत 12,900 रुपये है। कंपनी का कहना है कि यह ट्रैकर नवंबर में गूगल इंडिया ऑनलाइन स्टोर पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। इसे फॉग रंग में पेश किया गया है।

पिक्सल टैग का वजन करीब 11.8 ग्राम है और इसका आकार 28x46.1x5.4 मिलीमीटर है। कंपनी इसके साथ एक साल की वारंटी भी देगी।

ADVERTISEMENT