गूगल ने लॉन्च किया एंड्रॉयड 17, AI और नए फीचर्स से बदलेगा स्मार्टफोन का अनुभव
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी गूगल ने एंड्रॉयड 17 को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसके साथ स्मार्टवॉच के लिए वियर OS 7 और नया पिक्सल ड्रॉप अपडेट भी जारी किया है। यह अपडेट सबसे पहले पिक्सल डिवाइस पर उपलब्ध होगा। गूगल ने इस बार अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर खास जोर दिया है। नए फीचर्स की मदद से यूजर्स को म्यूजिक, वीडियो, अनुवाद और रोजमर्रा के कामों में पहले से ज्यादा स्मार्ट अनुभव मिलेगा।
AI
AI की मदद से बनेंगे गाने और आसानी से होंगे अनुवाद
एंड्रॉयड 17 में जेमिनी ओम्नी, लिरिया 3 और AudioLM जैसे नए AI मॉडल्स को सपोर्ट दिया गया है। लिरिया 3 की मदद से यूजर सिर्फ टेक्स्ट लिखकर या तस्वीर के आधार पर म्यूजिक ट्रैक तैयार कर सकेंगे। वहीं, जेमिनी ओम्नी बातचीत के दौरान वीडियो एडिटिंग में मदद करेगा। पिक्सल 10a में AudioLM तकनीक के जरिए आवाज को एक भाषा से दूसरी भाषा में बदलने वाला बेहतर स्पीच-टू-स्पीच ट्रांसलेशन फीचर भी मिलेगा।
फाइल शेयरिंग
फाइल शेयरिंग और कई ऐप्स का इस्तेमाल हुआ आसान
गूगल ने एंड्रॉयड क्विक शेयर फीचर को भी बेहतर बनाया है। अब पुराने पिक्सल 8a और पिक्सल 9a डिवाइस पर यह फीचर ऐपल के एयरड्रॉप के साथ भी काम करेगा। एंड्रॉयड 17 में बबल बार नाम का नया फीचर दिया गया है, जिसमें हाल में इस्तेमाल किए गए ऐप्स स्क्रीन के नीचे बबल के रूप में दिखाई देंगे। यूजर उन्हें आसानी से इधर-उधर कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर तुरंत खोल पाएंगे, जिससे मल्टीटास्किंग आसान होगी।
टूल
कंटेंट क्रिएटर्स के लिए रिकॉर्डिंग और कॉलिंग के नए टूल
नए अपडेट में कंटेंट बनाने वालों के लिए कई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। अब यूजर एक साथ फोन की स्क्रीन और सेल्फी कैमरे की रिकॉर्डिंग कर सकेंगे। इससे रिएक्शन वीडियो, गेमिंग वीडियो और ट्यूटोरियल बनाना आसान होगा। इसके अलावा, अगर कोई व्यक्ति कॉल का जवाब नहीं दे पाता है, तो वह कॉल करने वाले के लिए पहले से रिकॉर्ड किया गया अपना ऑडियो मैसेज छोड़ सकेगा। 'टेक अ मैसेज' फीचर को भी ज्यादा देशों में उपलब्ध कराया जा रहा है।
सुरक्षा
सुरक्षा और पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स में भी हुआ बड़ा बदलाव
एंड्रॉयड 17 में सुरक्षा और पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स को भी मजबूत किया गया है। फाइंड हब में 'मार्क ऐज लॉस्ट' फीचर जोड़ा गया है, जिससे खोए हुए डिवाइस को आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा। लाइव थ्रेट डिटेक्शन और दूसरे सुरक्षा टूल भी दिए गए हैं। वहीं, स्क्रीन टाइम लिमिट और कंटेंट फिल्टर जैसे पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स को अब सिर्फ पिन की मदद से सेट किया जा सकेगा। फोल्डेबल फोन के लिए नया गेमिंग मोड भी पेश किया गया है।
इमरजेंसी फीचर
वियर OS 7 में इमरजेंसी फीचर और बेहतर बैटरी लाइफ
गूगल ने स्मार्टवॉच के लिए वियर OS 7 में भी कई बड़े बदलाव किए हैं। पिक्सल वॉच अब कार दुर्घटना, गिरने या पल्स न मिलने जैसी स्थिति का पता लगाकर खुद ही इमरजेंसी सेवाओं और चुने गए संपर्कों को सूचना भेज सकेगी। स्मार्टवॉच को आने वाले AI ग्लास और हेडफोन के साथ बेहतर तरीके से काम करने लायक बनाया गया है। इसके अलावा, कंपनी ने बैटरी लाइफ में 10 प्रतिशत तक सुधार का दावा भी किया है।