गूगल प्रोजेक्ट EAT पर कर रही काम, जानिए क्या है यह
क्या है खबर?
दिग्गज टेक कंपनी गूगल अपने कर्मचारियों को एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षमताओं से लैस करने के लिए प्रोजेक्ट EAT नामक एक आंतरिक परियोजना पर काम कर रही है। यह पहल कंपनी की AI और इंफ्रास्ट्रक्चर यूनिट (AI2) के अंतर्गत आती है। उद्योग के अनुभवी अमीन वहदत के नेतृत्व वाली यह टीम कंपनी की AI तकनीकों को शक्ति प्रदान करने वाले डाटा सेंटर, चिप्स और अन्य महत्वपूर्ण कंपोनेंट्स पर ध्यान केंद्रित करती है।
उद्देश्य
इस कारण लाया गया है यह प्रोजेक्ट
प्रोजेक्ट EAT की शुरुआत कर्मचारियों के एक जमीनी प्रयास के रूप में हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को विभिन्न AI उत्पादों को अपनाने में मदद करना और पूरे संगठन में उनके उपयोग को मानकीकृत करना है। इस प्रोजेक्ट के परिणामस्वरूप कुछ AI उत्पादकता उपकरण विकसित हो चुके हैं, जिनका उपयोग अब सभी कर्मचारी कर रहे हैं। यह ऐसे समय में हो रहा है, जब कंपनी के नेतृत्वकर्ता कार्यप्रवाहों में AI को अपनाने पर जोर दे रहे हैं।
प्रोजेक्ट EAT
क्या है प्रोजेक्ट EAT
प्रोजेक्ट EAT नाम तकनीकी जगत में प्रचलित 'ईटिंग योर ओन डॉग फूड' नामक प्रथा का संदर्भ है, जिसका अर्थ है कि कर्मचारी अपने उत्पादों को बाजार में लॉन्च करने से पहले उनका परीक्षण स्वयं करते हैं। दस्तावेज में कहा गया है कि इस प्रोजेक्ट का आंतरिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि AI2 यूनिट उत्पादकता उपकरणों से लेकर कोडिंग तक में AI के क्षेत्र में सबसे आगे रहे। इससे भविष्य में गूगल एक AI-संचालित कार्यस्थल में परिवर्तित हो जाएगा।