गूगल 9 अक्टूबर से बदल रही है जेमिनी AI प्लान, क्या कुछ होगा बदलाव?
क्या है खबर?
गूगल जेमिनी इस्तेमाल करने वालों के लिए अक्टूबर से बड़ा बदलाव होने वाला है। कंपनी 9 अक्टूबर, 2026 से अलग-अलग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल का एक्सेस यूजर के प्लान के हिसाब से तय करेगी। इसका असर फ्री यूजर्स के साथ AI प्लस सब्सक्राइबर्स पर भी पड़ेगा। नए नियमों के बाद फ्री यूजर्स को सिर्फ फ्लैश-लाइट मॉडल मिलेगा, जबकि AI प्लस यूजर्स फ्लैश-लाइट और फ्लैश मॉडल इस्तेमाल कर सकेंगे। AI प्लस यूजर्स को प्रो मॉडल का एक्सेस नहीं मिलेगा।
प्रो मॉडल
AI प्लस में नहीं मिलेगा प्रो मॉडल
गूगल के नए ढांचे में AI प्लस प्लान की कीमत भारत में 399 रुपये प्रति महीना है।
इस प्लान में यूजर्स फ्लैश-लाइट और फ्लैश मॉडल इस्तेमाल कर पाएंगे, लेकिन जेमिनी प्रो जैसे ज्यादा पावरफुल मॉडल उपलब्ध नहीं होंगे। अगर कोई यूजर बड़े और ज्यादा पावरफुल जेमिनी मॉडल इस्तेमाल करना चाहता है, तो उसे गूगल AI प्रो या गूगल AI अल्ट्रा लेना होगा।
AI प्रो की कीमत 1,950 रुपये और AI अल्ट्रा की शुरुआती कीमत 6,500 रुपये प्रति महीना है।
महंगा प्लान
प्रो मॉडल के लिए लेना होगा महंगा प्लान
गूगल AI प्रो और AI अल्ट्रा प्लान में यूजर्स को फ्लैश-लाइट, फ्लैश और प्रो मॉडल का एक्सेस मिलता रहेगा। कंपनी जेमिनी ऐप में मॉडल चुनने के तरीके में भी बदलाव कर रही है।
यूजर्स हर उपलब्ध मॉडल के लिए कम, मीडियम और ज्यादा एफर्ट लेवल चुन सकेंगे। ज्यादा एफर्ट लेवल पर मॉडल किसी काम को पूरा करने और बेहतर जवाब देने के लिए ज्यादा क्षमता इस्तेमाल करेगा।
हालांकि, इससे यूजर्स की इस्तेमाल सीमा भी जल्दी खत्म हो सकती है।
अन्य
जेमिनी 4 आर्गन के बाद आया बदलाव
गूगल का कहना है कि नए एफर्ट लेवल से जेमिनी ऐप में काम करने का तरीका गूगल AI स्टूडियो और एंटिग्रिटी के विकल्पों जैसा होगा।
ये बदलाव कंपनी के नए जेमिनी 4 आर्गन मॉडल की घोषणा के कुछ दिनों बाद आ रहे हैं। गूगल ने आर्गन को अपना अब तक का सबसे पावरफुल AI मॉडल बताया है।
हालांकि, फिलहाल यह मॉडल कुछ खास साझेदारों के लिए उपलब्ध है। AI प्लस यूजर्स को बदलाव की जानकारी ईमेल से मिलेगी।