गूगल ने पेश किए नए AI चिपसेट, जानिए इनकी खासियत
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी गूगल ने अपनी नई टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट पेश की है, जो खास तौर पर AI के काम के लिए बनाई गई है। ये चिप्स मोबाइल के लिए नहीं, बल्कि बड़े सर्वर और डाटा सेंटर में इस्तेमाल होंगे। कंपनी ने इन्हें TPU 8t और TPU 8i नाम से लॉन्च किया है। इनका मकसद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को ज्यादा तेज, कम खर्च वाला और आसान बनाना है, ताकि यूजर्स को बेहतर और जल्दी सेवाएं मिल सकें।
चुनौती
AI का काम और बिजली की बड़ी चुनौती
AI सिस्टम बहुत ज्यादा डाटा पर काम करता है और उसी से सीखकर जवाब देता है। इसमें पहले डाटा से सीखना होता है और फिर उसी के आधार पर जवाब तैयार किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में काफी ज्यादा बिजली खर्च होती है। यही वजह है कि डेटा सेंटर के लिए यह बड़ी चुनौती बन जाती है। गूगल के नए चिप्स इसी समस्या को कम करने के लिए तैयार किए गए हैं, ताकि काम आसान हो सके।
स्पीड
नए चिप्स से बढ़ेगी स्पीड और बचत
गूगल का TPU 8t चिप AI को सिखाने के काम में इस्तेमाल होगा और यह पहले से 124 प्रतिशत ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करता है। वहीं TPU 8i चिप AI सर्विस चलाने के लिए बनाया गया है और यह 117 प्रतिशत तक बेहतर काम करता है। इसका फायदा यह होगा कि कम समय में ज्यादा काम होगा और बिजली की खपत भी घटेगी, जिससे कंपनियों का खर्च कम हो जाएगा और काम तेजी से होगा।
खासियत
तेज काम और बेहतर अनुभव मिलेगा
इन चिप्स की एक खास बात यह है कि ये ज्यादा डाटा अपने अंदर ही रख सकते हैं और तेजी से प्रोसेस कर सकते हैं। इससे सिस्टम को बार-बार बाहर से डाटा लाने की जरूरत नहीं पड़ती। इसका सीधा फायदा यूजर्स को मिलता है, क्योंकि उन्हें जल्दी जवाब मिलता है। कंपनी का कहना है कि ये नई तकनीक इस साल के आखिर तक आम इस्तेमाल के लिए उपलब्ध हो सकती है।
एनवीडिया
एनवीडिया के साथ मिलकर होगा काम
गूगल ने यह भी साफ किया है कि वह अपने चिप के साथ-साथ एनवीडिया के चिप्स का इस्तेमाल भी जारी रखेगी। नए TPU चिप्स पुराने सिस्टम के साथ मिलकर काम करेंगे और उन्हें सपोर्ट देंगे। कंपनी का मकसद AI को ज्यादा सस्ता और आसान बनाना है। आने वाले समय में गूगल एनवीडिया के नए सिस्टम को भी अपनाएगा, जिससे तकनीक और मजबूत होगी और यूजर्स को बेहतर सेवाएं मिलती रहेंगी।