गूगल ने शुरू की सेल्फी वीडियो से अकाउंट रिकवर करने की सुविधा
क्या आप अपने गूगल अकाउंट से लॉग-आउट हो गए हैं और उसमें वापस नहीं जा पा रहे? तो अब आप सिर्फ एक सेल्फी वीडियो की मदद से दोबारा अपने अकाउंट तक पहुंच सकते हैं।
गूगल ने इसको लेकर एक नए फीचर का ऐलान किया है। यह उन लोगों के लिए भी खास तौर पर काम आएगा, जिनके पास अपना कोई पुराना डिवाइस नहीं है।
इस फीचर का मुख्य मकसद अकाउंट रिकवरी को और भी आसान और सुरक्षित बनाना है।
सेल्फी वीडियो होंगे एन्क्रिप्टेड
इस प्रक्रिया में आपको अपना सिर घुमाना होगा, ताकि गूगल आपके सेल्फी वीडियो के अलग-अलग एंगल्स कैप्चर कर सके। आगे जब भी आपको अपना अकाउंट रिकवर करना होगा, आपको बस एक छोटा वीडियो रिकॉर्ड करना होगा।
गूगल आपके नए वीडियो को पहले से सेव किए गए वीडियो से मिलाएगा, ताकि यह पुष्टि हो सके कि यह आप ही हैं। आपके वीडियो एन्क्रिप्टेड होंगे और उन्हें आपकी सहमति से ही स्टोर किया जाएगा।
आप चाहें तो सेटिंग्स में जाकर इन्हें कभी भी डिलीट कर सकते हैं। यह सुविधा अब धीरे-धीरे रोल आउट की जा रही है। आप साइन-इन पेज पर जाकर देख सकते हैं कि क्या यह आपके लिए उपलब्ध है।