गूगल ने जेमिनी के एंड्रॉयड वर्जन में स्पार्क असिस्टेंट को चैट में किया शामिल
गूगल ने अपने जेमिनी ऐप के एंड्रॉयड वर्जन में एक बड़ा बदलाव किया है। अब स्पार्क असिस्टेंट सीधे चैट के अंदर ही मिल जाएगा। प्रॉम्प्ट बॉक्स के ऊपर आपको 'चैट' और 'टास्क' के बटन दिखेंगे।
इस ऐप में स्पार्क को अब 'टास्क' के रूप में दिखाया गया है। नया 'शेड्यूल्ड' पेज आपके टास्क को उनकी स्टेटस के हिसाब से अलग-अलग करता है, जैसे एक्टिव, पॉज्ड, कंप्लीटेड या सजेस्टेड। इससे यह जानना आसान हो जाएगा कि कौन-सा काम कहां तक पहुंचा है?
चैट और टास्क हुए एक साथ
अब ऐप का इस्तेमाल करना और भी आसान हो गया है। पुराना स्पार्क मेन्यू हटा दिया गया है और सेटिंग्स का नाम भी नई टास्क सुविधा के हिसाब से बदल दिया गया है।
आपकी चैट्स और टास्क अब अलग-अलग सूची में नहीं दिखेंगी, बल्कि एक ही हिस्ट्री व्यू में एक साथ मिलेंगी। इसमें एक फिल्टर आइकॉन भी है, जिससे आप जल्दी से देख सकते हैं कि कौन से काम पूरे हो चुके हैं या कौन से चल रहे हैं।
यह अपडेट सबसे पहले एंड्रॉयड पर आ रहा है, लेकिन ध्यान रखें कि जेमिनी स्पार्क का इस्तेमाल करने के लिए आपको AI प्रो या AI अल्ट्रा सब्सक्रिप्शन लेना होगा।