गूगल जेमिनी अब आपकी जगह करेगा बिजनेस को कॉल, आया नया 'कॉल फॉर मी' फीचर
क्या है खबर?
गूगल ने जेमिनी के लिए 'कॉल फॉर मी' नाम का नया फीचर शुरू किया है। इसकी मदद से जेमिनी यूजर की तरफ से किसी बिजनेस को फोन कर सकेगा। शुरुआत में यह सुविधा अमेरिका में रहने वाले पिक्सल 11 यूजर्स के लिए होगी, जो जेमिनी की पेड सदस्यता लेते हैं। इसके लिए एंड्रॉयड के गूगल फोन ऐप का बीटा वर्जन भी जरूरी होगा। गूगल इसे फिलहाल प्रयोग के तौर पर सीमित स्तर पर उपलब्ध करा रहा है।
काम
फोन पर कई काम खुद करेगा AI
'कॉल फॉर मी' की मदद से जेमिनी कई कामों के लिए बिजनेस को फोन कर सकेगा। यह किसी दुकान पर फोन करके सामान उपलब्ध है या नहीं, इसकी जानकारी ले सकता है।
इसके अलावा, रेस्टोरेंट में टेबल बुक करने, अपॉइंटमेंट की तारीख बदलने या किसी सामान को कुछ समय के लिए रखने जैसी जरूरतों में भी यह मदद करेगा।
AI फोन पर अपना परिचय देगा, मेन्यू के विकल्प चुनेगा और जरूरत पड़ने पर होल्ड पर भी इंतजार करेगा।
बातचीत
यूजर लाइव देख सकेगा बातचीत
गूगल के अनुसार, जेमिनी जरूरत पड़ने पर यूजर की मंजूर की गई निजी जानकारी भी फोन पर साझा कर सकेगा।
इससे AI बिजनेस के साथ बातचीत के दौरान ज्यादा काम पूरा कर पाएगा। कॉल शुरू होने के बाद यूजर उसकी बातचीत को लाइव ट्रांसक्रिप्ट के जरिए देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर कॉल को नियंत्रित भी कर सकेंगे।
खास बात यह है कि फोन करने के लिए जेमिनी यूजर के अपने मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करेगा।
सुविधा
अभी सीमित यूजर्स के लिए सुविधा
गूगल का नया फीचर कंपनी की पहले से मौजूद AI कॉलिंग तकनीक पर आधारित है।
इससे पहले गूगल ने 'कॉल फॉर मी', 'होल्ड फॉर मी' और दूसरे फीचर भी दिए हैं, जो फोन कॉल में मदद करते हैं। कंपनी का कहना है कि असली बातचीत कई बार आसान नहीं होती और अलग-अलग स्थितियां सामने आती हैं।
इसलिए 'कॉल फॉर मी' को अभी छोटे स्तर पर शुरू किया गया है। बड़े स्तर पर उपलब्ध कराने से पहले इसमें सुधार किया जाएगा।