गूगल ने शुरू किया रजिस्टर्ड ऐप स्टोर प्रोग्राम, थर्ड-पार्टी ऐप स्टोर की मिलेगी सुविधा
गूगल ने अपना रजिस्टर्ड ऐप स्टोर प्रोग्राम अब दुनियाभर में शुरू कर दिया है, जो 28 अक्टूबर से लागू होगा। अब अमेरिका के बाहर भी दूसरे ऐप स्टोर (थर्ड-पार्टी ऐप स्टोर) आपको एक ही टैप से ऐप इंस्टॉल करने की सुविधा देंगे, जिससे एंड्रॉयड यूजर्स के लिए ऐप डाउनलोड करना और भी आसान हो जाएगा।
गूगल का यह कदम लोगों को ज्यादा विकल्प देने के लिए उठाया गया है। इससे उन शिकायतों का भी जवाब मिलेगा, जिनमें कहा जाता था कि कंपनी का आपके फोन में ऐप्स पर बहुत ज्यादा कंट्रोल है।
सालाना खर्च करने होंगे 10,000 डॉलर
यह प्रोग्राम दिसंबर में आधिकारिक तौर पर लॉन्च होगा, लेकिन इसमें कुछ शर्तें हैं। ऐप स्टोर को इसमें शामिल होने के लिए हर साल कम से कम 10,000 डॉलर (करीब 9.5 लाख रुपये) चुकाने होंगे। साथ ही यह सुविधा केवल एंड्रॉयड 17 के सबसे नए वर्जन वाले डिवाइस पर ही काम करेगी।
गूगल का कहना है कि ये नियम यूजर्स की सुरक्षा और प्राइवेसी बनाए रखने में मदद करते हैं। एक तरफ, जहां यह कदम एंड्रॉयड ऐप बाजार में बड़े बदलाव ला सकता है और छोटे डेवलेपर्स को एक मौका दे सकता है। दूसरी तरफ, इन ऊंची फीस और वर्जन की सीमाओं के चलते हो सकता है कि हर कोई इसमें शामिल न हो पाए।