गूगल डीपमाइंड का बड़ा दावा, 2029 तक हकीकत बन सकता है AGI
गूगल डीपमाइंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डेमिस हसाबीस ने चौंकाने वाली बात कही है। उनका मानना है कि आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) 2029 तक हकीकत बन सकता है, जो उनके पिछले अंदाज से एक साल पहले है।
गूगल I/O 2026 कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि इंसानियत 'सिंगुलैरिटी' के शुरुआती दौर में है और सभी को बड़े बदलावों के लिए जल्द से जल्द तैयार हो जाना चाहिए।
सिंगुलैरिटी भविष्य के उस काल्पनिक समय को कहा जाता है, जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मानव बुद्धि से इतनी अधिक और कई गुना आगे निकल जाएगी कि तकनीक और समाज में ऐसे भारी बदलाव आएंगे, जिनकी आज के समय में कल्पना भी नहीं की जा सकती।
AGI को लेकर अलग-अलग राय
हसाबीस ने बताया कि AI बहुत तेजी से विकसित हो रहा है, खासकर कोडिंग एजेंट्स के क्षेत्र में बड़ी तरक्की देखने को मिल रही है। हालांकि, सच्चा आत्म-सुधार अभी तक नहीं आया है। AGI का सही मतलब क्या है, इस पर अभी भी कोई स्पष्ट सहमति नहीं बन पाई है।
गूगल डीपमाइंड प्रमुख के अनुसार, AGI तब होगा, जब कोई सिस्टम बहुत कम मदद से वैज्ञानिक खोजों को फिर से कर सके।
दूसरी तरफ, OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन इसे इंसानी स्तर की समस्याओं को हल करने की क्षमता मानते हैं, वहीं एंथ्रोपिक के डारियो अमोदेई इसे पावरफुल AI बताया है।