Page Loader
गूगल ने AI मोड में जोड़े नए टूल्स, अब उपयोग होगा और आसान
गूगल ने AI मोड में जोड़े नए टूल्स

गूगल ने AI मोड में जोड़े नए टूल्स, अब उपयोग होगा और आसान

Jul 17, 2025
09:16 am

क्या है खबर?

गूगल ने अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर AI मोड को और बेहतर बनाने के लिए जेमिनी 2.5 प्रो मॉडल और डीप सर्च क्षमता शामिल की है। ये सुविधाएं गूगल AI प्रो और गूगल AI अल्ट्रा ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगी। कंपनी ने इन्हें अपने सर्च चैटबॉट में जोड़ा है, ताकि AI मोड को गूगल सर्च का अहम हिस्सा बनाया जा सके। यह गूगल के सर्च सिस्टम को AI के साथ जोड़ने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

फीचर

जेमिनी 2.5 प्रो से मिलेगी गहराई से सोचने की ताकत 

इस अपडेट में गूगल ने जेमिनी 2.5 प्रो मॉडल के साथ डीप थिंक नाम की सुविधा भी दी है, जिससे AI ज्यादा गहराई से सवालों पर विचार कर सकेगा। यह सुविधा गूगल ने I/O सम्मेलन में पहली बार दिखायी थी। मई से ही AI मोड सभी यूजर्स के लिए जारी किया गया था, लेकिन अब इसमें गहराई से जानकारी निकालने की क्षमताएं भी जुड़ गई हैं, जो यूजर्स को अधिक स्मार्ट और सटीक जानकारी देंगी।

अन्य फीचर

AI एजेंट अब कर सकेगा फोन कॉल 

गूगल ने जेमिनी AI में एक नया फीचर जोड़ा है, जिससे वह खुद दुकानों को फोन कर सकेगा। यह सुविधा अभी सिर्फ नजदीकी दुकानों तक सीमित है। जब कोई यूजर गूगल पर किसी चीज की जानकारी जैसे कीमत या स्टॉक चेक करेगा, तो उसे एक विकल्प 'AI से कीमत पूछें' मिलेगा। इस पर क्लिक करने पर जेमिनी खुद दुकान को कॉल करेगा और उस चीज की कीमत या उपलब्धता पूछकर यूजर को जानकारी देगा।

उपलब्धता

कुछ सीमाओं के साथ सभी के लिए उपलब्ध 

AI कॉलिंग सुविधा आज से सभी सर्च यूजर्स के लिए शुरू हो रही है, लेकिन इसमें कुछ सीमाएं रहेंगी। केवल गूगल AI प्रो और AI अल्ट्रा ग्राहकों को इसकी पूरी क्षमता मिलेगी। बाकी यूजर्स भी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे, पर उनके लिए सीमित उपयोग की अनुमति होगी। इस नई सुविधा से गूगल अपने AI मोड को और अधिक इंटरैक्टिव और व्यावहारिक बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।