ग्लेनमार्क ने मानसिक रोगियों के लिए पेश किया सस्ता ओलानजापाइन इंजेक्शन
ग्लेनमार्क फार्मास्यूटिकल्स ने हाल ही में अमेरिका के अस्पतालों में ओलानजापाइन इंजेक्शन का जेनेरिक वर्जन पेश किया है।
सिजोफ्रेनिया और बाइपोलर डिसऑर्डर जैसी मानसिक बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए यह एक सस्ता और अच्छा विकल्प साबित होगा।
यह इंजेक्शन जाने-माने जाइप्रेक्सा इंजेक्शन जैसा ही है, लेकिन इसकी कीमत कम है। इस नए प्रोडक्ट को लॉन्च करने के पीछे ग्लेनमार्क का मकसद इंजेक्शन वाली दवाओं के अपने पोर्टफोलियो को और बढ़ाना है। साथ ही, कंपनी अमेरिकी अस्पतालों में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
इंजेक्शन के लिए बड़े बाजार को बनाया लक्ष्य
ओलानजापाइन इंजेक्शन को अमेरिका में एक बड़े बाजार को ध्यान में रखकर उतारा गया है। इस बाजार का आकार 2.54 करोड़ डॉलर (करीब 230 करोड़ रुपये) का है, जिसका अनुमान मई तक के 12 महीनों के आंकड़ों के आधार पर लगाया गया है।
ग्लेनमार्क के उत्तर अमेरिका व्यवसाय के प्रमुख मार्क किकुची ने बताया कि ओलानजापाइन इंजेक्शन का यह लॉन्च कंपनी की खास रणनीति का हिस्सा है।
कंपनी अपनी इंजेक्शन वाली दवाओं के पोर्टफोलियो को मजबूत कर रही है और अस्पतालों के साथ अन्य संस्थागत ग्राहकों तक अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है।