भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के पूर्व छात्र गौरव गोयल की बनाई कंपनी GG टेक्नोलॉजीज ने ऐपल पर बॉम्बे हाई कोर्ट में मुकदमा कर दिया है।
कंपनी का आरोप है कि ऐपल का 'नेमड्रॉप' फीचर, जिसमें आईफोन को पास लाकर कॉन्टैक्ट्स बदले जाते हैं, जो उनकी पेटेंटेड टेक्नोलॉजी की नकल है।
GG टेक्नोलॉजीज ने इस मामले में 1,500 करोड़ रुपये के हर्जाने के साथ-साथ भारत में 'नेमड्रॉप' पर रोक लगाने की मांग की है।
स्टे-टच ऐप के पेटेंट को 2024 में मिली मंजूरी
GG टेक्नोलॉजीज ने 2019 में अपना 'स्टे-टच' ऐप लॉन्च किया था। इससे यूजर्स केवल फोन को एक साथ टैप करके अपने कॉन्टैक्ट्स शेयर कर पाते थे। उन्होंने 2019 में अमेरिका में पेटेंट सुरक्षा के लिए आवेदन किया था और 2021 में भारतीय पेटेंट के लिए भी अर्जी दी थी। इस अर्जी को जुलाई, 2024 में मंजूरी मिली।
यह कानूनी लड़ाई केवल भारत तक ही सीमित नहीं है। अमेरिका में भी ऐपल के खिलाफ ऐसा ही एक मामला चल रहा है, जहां अमेरिकी अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या ऐपल ने पेटेंट के नियमों को तोड़ा है?
अगर, GG टेक्नोलॉजीज यह केस जीत जाती है तो भारत और अमेरिका दोनों जगहों पर 'नेमड्रॉप' के लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।