जर्मनी के भौतिकविदों ने एक ऐसी खास चीज कर दिखाई है। उन्होंने ग्रेफीन में इलेक्ट्रॉनों को कुछ असाधारण क्वांटम जंप करते हुए कैमरे में रिकॉर्ड किया है।
ग्रेफीन को सब इसलिए जानते हैं क्योंकि यह केवल एक परमाणु जितना पतला पदार्थ होता है। इसके लिए उन्होंने एक खास तरह के स्लो-मोशन इलेक्ट्रॉन कैमरे का इस्तेमाल किया।
इस कैमरे की मदद से वे इन हैरतअंगेज हरकतों को असल समय में देख पाए। इस दौरान वैज्ञानिकों ने पाया कि कैसे तेज इलेक्ट्रिक फील्ड इलेक्ट्रॉनों को एक नई एनर्जी स्टेट में ले जा सकती है। यह बड़ी खोज भविष्य में बनने वाले इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को और तेज रफ्तार दे सकती है।
माइक्रोस्कोप ने इलेक्ट्रॉनों पर नजर रखी
इस टीम ने एक खास माइक्रोस्कोप का इस्तेमाल किया, जिसमें अल्ट्राफास्ट लेजर लगे हुए थे। इसकी मदद से उन्होंने यह देखा कि जब इलेक्ट्रॉनों पर तेज रोशनी पड़ती है तो वे कैसे हिलते-डुलते हैं।
उन्होंने इसके लिए अल्ट्राप्योर ग्रेफीन सैंपल का इस्तेमाल किया, जिससे सब कुछ एकदम साफ दिखाई दे रहा था। इस नई तकनीक से साइंटिस्ट इलेक्ट्रॉनों के बर्ताव को ठीक वैसे ही देख सकते हैं, जैसे वह हो रहा होता है।
इतना ही नहीं, यह तकनीक केवल रोशनी का इस्तेमाल करके इलेक्ट्रॉनिक गुणों को कंट्रोल करने की संभावना भी दिखाती है। जियाकोमो इनजानी ने इस बारे में कहा कि उनके इस तरीके को कई दूसरे क्वांटम मटेरियल पर भी लागू किया जा सकता है। इससे रोशनी की मदद से उनके इलेक्ट्रॉनिक गुणों को चुनिंदा तरीके से कंट्रोल करने के बिल्कुल नए रास्ते खुल जाते हैं।