AI के गॉडफादर ने तकनीक 5-10 सालों में इंसानों से ज्यादा स्मार्ट बनने की दी चेतावनी
नोबेल पुरस्कार विजेता और 'AI के गॉडफादर' नाम से लोकप्रिय जेफ्री हिंटन का मनना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अगले 5 से 10 सालों में इंसानों से भी ज्यादा स्मार्ट बन सकती है।
यह उनकी पहले की सोच से काफी तेज रफ्तार है। वह सभी से यह सोचने के लिए कह रहे हैं कि हम ऐसी टेक्नोलॉजी को कैसे संभालेंगे, जो शायद हमें पीछे छोड़ दे।
उनका कहना है, "अगर, AI हमसे बहुत ज्यादा स्मार्ट हो जाती है और हमसे नियंत्रण छीनना चाहती है तो शायद हम उसे रोक नहीं पाएंगे, भले ही वह केवल बात ही कर पाए।"
इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा, "अगर, हमने इसे सुरक्षित बनाने का तरीका नहीं ढूंढा तो बहुत मुमकिन है कि यह हमें ही तबाह कर दे।"
दवाइयों जैसे नियम बनाने की वकालत
हिंटन ने ऐसे हालिया मामलों का जिक्र किया है, जहां AI सिस्टम्स ने ऐसे काम किए जिनकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। इससे सुरक्षा को लेकर वाकई चिंताएं बढ़ गई हैं।
उनका मानना है कि ताकतवर AI टूल्स को लॉन्च करने से पहले दवाइयों जैसे सख्त नियम बनाने की जरूरत है। वह यह भी चाहते हैं कि सरकारें यह पक्का करें कि AI के फायदे सभी तक बराबर पहुंचें, न कि केवल कुछ चुनिंदा लोगों तक।
उन्होंने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा, "मुझे डर है कि उत्पादकता में जो बढ़ोतरी होगी, वह सभी में बराबर नहीं बटेगी। यह अरबपतियों और उनकी कंपनियों के शेयरधारकों के पास चली जाएगी और बहुत से मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे।"