HR में सभी कामों में AI बना प्राथमिकता, सर्वे में हुआ खुलासा
मानव संसाधन (HR) के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से एक जरूरी तकनीक बनता जा रहा है। जेनियस HR टेक के एक सर्वे के मुताबिक, 7 से 31 मई के बीच 1,811 HR पेशेवरों पर किए गए इस सर्वे में 60 फीसदी लोगों ने बताया कि अब HR के सभी कामों में AI उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गया है।
दूसरी तरफ, 15 फीसदी पेशेवरों का कहना है कि AI भर्ती, कर्मचारियों को कंपनी में शामिल करने, रोजाना के HR ऑपरेशंस और स्टाफिंग जैसे कामों में लगातार बढ़ती हुई प्राथमिकता बनता जा रहा है, जबकि 37 फीसदी का मानना है कि AI की मदद से बेहतर वर्कफोर्स प्लानिंग संभव हो पा रही है।
फर्म के अध्यक्ष आरपी यादव ने कहा, "AI को अपनाना लोगों को हटाने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें सशक्त बनाने के लिए है, जो कंपनियां इंटेलिजेंट ऑटोमेशन को मानवीय विशेषज्ञता, पारदर्शिता और नैतिक नियमों के साथ जोड़ेंगी, वे ज्यादा मजबूत और बेहतर कार्यस्थल बनाएंगी।" उन्होंने कंपनियों को कौशल-आधारित और तकनीक-प्रेरित टीमों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रेज्यूमे स्क्रीनिंग और शेड्यूलिंग का काम हुआ आसान
सर्वे में शामिल ज्यादातर HR पेशेवर AI को उत्पादकता बढ़ाने का एक मुख्य जरिया मानते हैं। उनका मानना है कि इससे रिज्यूमे स्क्रीनिंग और इंटरव्यू शेड्यूल करने जैसे काम ऑटोमैटिक हो जाते हैं, जिससे लागत में कमी आती है और प्रक्रियाएं बेहतर होती हैं।
42 फीसदी लोगों ने पहले ही AI की वजह से तेज और बेहतर काम होते देखा है। इसके साथ ही, कई लोगों ने इसके कारण बेहतर वर्कफोर्स प्लानिंग और मैनुअल कामों पर कम निर्भरता के असर को भी उजागर किया।