Page Loader
बैंककर्मी बन साइबर जालसाजों ने महिला डॉक्टर को बनाया अपना शिकार, ठग लिए 5 लाख रुपये
बैंककर्मी बन जालसाजों ने महिला डॉक्टर को बनाया अपना शिकार (तस्वीर: फ्रीपिक)

बैंककर्मी बन साइबर जालसाजों ने महिला डॉक्टर को बनाया अपना शिकार, ठग लिए 5 लाख रुपये

Jun 28, 2024
01:06 pm

क्या है खबर?

गुजरात के अहमदाबाद से साइबर अपराध का एक नया मामला सामने आया है, जहां जालसाजों ने एक स्त्री रोग विशेषज्ञ से 5 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है। प्रहलादनगर इलाके में रहने वाली 30 वर्षीय समृद्धि अग्रवाल से जालसाजों ने ICICI बैंक का कर्मचारी बनाकर संपर्क किया था। ठगी की आशंका होने पर पीड़ित महिला ने जालसाजों के खिलाफ अहमदाबाद साइबर सेल में शिकायत की है। पुलिस फिलहाल शिकायत दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही है।

ठगी

क्रेडिट कार्ड चालू करने का दिया था झांसा

जालसाजों ने पीड़िता के पास कॉल करके उसके बैंक से जुड़ी सही जानकारी देते हुए कहा कि उसने उनका क्रेडिट कार्ड चालू करने के लिए कॉल किया है। इसके बाद जालसाजों ने पीड़िता को एक ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा और मोबाइल पर गए OTP को मांगा। महिला ने जैसे OTP जालसाजों को दिया उसके अकाउंट से 99,000 रुपये कट गए। इसी तरह कुछ अलग-अलग ट्रांजैक्शन में 5 लाख रुपये महिला के अकाउंट से जालसाजों ने उड़ा लिए।

बचाव

ऐसी ठगी का शिकार होने से कैसे बचें?

साइबर ठगी से बचने के लिए अपने बैंक अकाउंट में आधार या पैन कार्ड लिंक करने या कार्ड चालू करने के लिए हमेशा ब्रांच से संपर्क करें। किसी अनजान नंबर पर दिए गए निर्देश का पालन ना करें। अनजान लिंक पर क्लिक करके कोई अनजान ऐप डाउनलोड ना करें, इससे आपको वित्तीय नुकसान हो सकता है। अपनी वित्तीय जानकारी किसी अनजान के साथ साझा ना करें और ठगी की आशंका होने पर साइबर अपराध सेल में तुरंत शिकायत करें।