शादी के कार्ड के नाम पर मालवेयर भेज रहे हैं जालसाज, कैसे रहें सुरक्षित?
क्या है खबर?
साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए जालसाज तरह-तरह के तरीके अपना रहे हैं। अब ठगी का एक नया तरीका सामने आया है। लोगों को व्हाट्सऐप पर शादी का निमंत्रण भेजा जा रहा है, जिसके साथ एक apk फाइल जुड़ी होती है। मैसेज में लिखा होता है कि शादी की पूरी जानकारी देखने के लिए फाइल डाउनलोड करें। इसे इंस्टॉल करते ही निजी डाटा खतरे में पड़ जाता है।
ठगी
ऐसे काम कर रही है यह ठगी
साइबर ठग लोगों को "Wedding Invitation.apk" नाम की फाइल भेज रहे हैं। यह देखने में सामान्य निमंत्रण जैसा लगता है, लेकिन असल में यह एक खतरनाक मालवेयर होता है। जैसे ही कोई व्यक्ति इसे डाउनलोड और इंस्टॉल करता है, फोन की कई जरूरी जानकारी जालसाजों तक पहुंच सकती है। इसमें बैंकिंग जानकारी, मैसेज, पासवर्ड और दूसरी निजी चीजें शामिल हो सकती हैं। इसके जरिए ठग फोन को दूर से कंट्रोल करने की कोशिश भी कर सकते हैं।
मामला
बेंगलुरु में कई लोग बने शिकार
सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति ने दावा किया कि बेंगलुरु में कई लोगों को इस तरह के नकली शादी कार्ड भेजे गए हैं। पोस्ट के मुताबिक, एक कारोबारी इस ठगी का शिकार होकर करीब 5 लाख रुपये गंवा चुका है। आशंका जताई जा रही है कि कई और लोग भी इस जाल में फंस चुके हैं। साइबर अपराधी अब लोगों की भावनाओं और भरोसे का फायदा उठाकर नए तरीके से ठगी कर रहे हैं।
बचाव
इस तरह की ठगी से कैसे बचें?
साइबर सुरक्षा जानकारों का कहना है कि किसी भी अनजान apk फाइल को डाउनलोड नहीं करना चाहिए। अगर कोई शादी कार्ड या दूसरी फाइल व्हाट्सऐप पर आए, तो पहले भेजने वाले की सही जानकारी जरूर जांच लें। फोन में सिर्फ भरोसेमंद ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें। साथ ही फोन में सुरक्षा अपडेट और एंटीवायरस का इस्तेमाल करते रहें। अगर गलती से कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हो जाए, तो तुरंत हटाकर बैंक पासवर्ड और जरूरी जानकारी बदल देना चाहिए।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Beware: Many in Bengaluru are receiving this fake wedding invite on WhatsApp with an apk file attached. Downloading and installing this apk steals sensitive data from ur phone. One businessman has lost 5 lakh, many more suspected to have fallen prey. pic.twitter.com/iiIU1fIK8M
— Deepak Bopanna (@dpkBopanna) May 11, 2026