जालसाज डिजिटल कैलेंडर में फर्जी इनविटेशन भेजकर कर रहे धोखाधड़ी
वर्तमान में स्कैमर्स फिशिंग हमलों को आपके डिजिटल कैलेंडर में ही शामिल कर रहे हैं। वे आपको नकली निमंत्रण (इनविटेशन) भेजते हैं, जैसे कि फर्जी मीटिंग या किसी सर्विस को रिन्यू करवाने के लिए।
ये इनविटेशन अपने आप आपकी स्क्रीन पर दिखाई देने लगते हैं और देखने में बिल्कुल असली जैसे लगते हैं। अगर, आप इन पर क्लिक करते हैं और खुलने वाले लिंक वाले पेज पर अपनी लॉग-इन जानकारी डालते हैं तो स्कैमर्स गूगल, माइक्रोसॉफ्ट या पेपल जैसे आपके अहम अकाउंट्स की जानकारी चुरा सकते हैं।
कैलेंडर में ऑटोमैटिक स्वीकृति बंद करें
सुरक्षा विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि ये इनविटेशन जूम जैसे असली प्लेटफॉर्म की तरह ही दिखते हैं। इसलिए इन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है।
अपनी सुरक्षा के लिए आपको कैलेंडर में इनविटेशन को अपने आप स्वीकार करने की सेटिंग बंद कर देनी चाहिए।
इसके अलावा, किसी भी अचानक या अनजान इवेंट पर हमेशा संदेह करें। किसी अजीब या संदिग्ध इनविटेशन को 'डिक्लाइन' करने के बजाय उसे सीधे डिलीट कर दें या स्पैम के तौर पर रिपोर्ट करें।