गूगल का पूर्व इंजीनियर किया गया गिरफ्तार, AI से जुड़ी फाइलों को चुराने का आरोप
क्या है खबर?
अमेरिका में टेक दिग्गज कंपनी गूगल के एक पूर्व सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए इंजीनियर पर आरोप है कि उसने चीनी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए गुप्त रूप से गूगल में काम करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यापार रहस्यों वाली 500 से अधिक फाइलों को चुराया है।
आरोपी 38 वर्षीय चीनी नागरिक लिनवेई डिंग है, जिसने 2019 में गूगल में काम करना शुरू किया था।
आरोप
कंपनी की फाइलों को व्यक्तिगत अकाउंट पर किया अपलोड
गूगल के पूर्व सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने गूगल से मिले लैपटॉप से कंपनी के व्यापार रहस्यों से जुड़ी फाइलों को व्यक्तिगत क्लाउड स्टोरेज अकाउंट में अपलोड किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, डिंग द्वारा चुराए गए दस्तावेजों में गूगल के AI बुनियादी ढांचे के बिल्डिंग ब्लॉक शामिल थे। उसने इन फाइलों को मई, 2022 से मई, 2023 तक एक वर्ष की अवधि में अपने व्यक्तिगत अकाउंट्स में अपलोड किया था।
डिंग को नेवार्क कैलिफोर्निया में गिरफ्तार किया गया है।
सजा
कितनी हो सकती है सजा?
दोषी पाए जाने पर डिंग को 10 साल तक की जेल और प्रत्येक मामले के लिए 2.50 लाख डॉलर (लगभग 2 करोड़ रुपये) तक का जुर्माना हो सकता है।
यह मामला ऐसे ही समय में सामने आया है, जब अमेरिका और चीन के बीच तनाव बढ़ रहे हैं। अमेरिकी सरकार ने पिछले साल एनवीडिया जैसी अमेरिकी कंपनियों द्वारा डिजाइन किए गए उन्नत AI चिप्स को चीन में निर्यात करने से प्रतिबंध लगा दिया था।