ब्रिटेन के सर्जन्स ने ऑपरेशन में पहली बार इस्तेमाल किया AI टूल
यूनाइटेड किंगडम (UK) के सर्जन्स ने इतिहास रचते हुए पहली बार किसी असली ऑपरेशन में 'यूरेका' नाम के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल का इस्तेमाल किया है।
यह सर्जरी 4 जून को लंदन के सेंट मार्क्स हॉस्पिटल में हुई, जहां चिकित्सकों ने एक जटिल आंत के ऑपरेशन के दौरान यूरेका की सहायता ली।
जापान में विकसित की गई यह तकनीक हजारों सर्जरी के वीडियो को देखकर तैयार की गई है। यह शरीर के अंगों को अलग-अलग रंगों से दिखाती है, जिससे सर्जन्स को साफ-साफ पता चल जाता है कि उन्हें किस हिस्से को बचाना है और किसे काटना है।
जल्द ही आम हो जाएगी यह तकनीक
ऑपरेटिंग रूम में यूरेका गूगल मैप्स की तरह ही काम करता है। यह चिकित्सकों को रियल-टाइम में सुझाव देता है और ऑपरेशन के दौरान छिपे हुए हिस्सों को भी उजागर करता है।
इससे सर्जरी न केवल सुरक्षित हो जाती हैं, बल्कि ज्यादा सटीक भी बनती हैं। सलाहकार सर्जन कपिल साहनान ने बताया कि वे अभी इस तकनीक की परख कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही ऐसी तकनीक दुनियाभर के अस्पतालों में एक आम बात बन जाएगी। इससे सभी के लिए सर्जरी और भी सुरक्षित हो सकेगी।